Vistaar NEWS

MP News: 8वें वेतन आयोग के नाम पर हो रही साइबर ठगी, भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Symbolic picture.

सांकेतिक तस्वीर.

MP News: भोपाल में साइबर अपराधियों ने अब सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. 8वें पे कमीशन और नए वेतन की जानकारी के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी लिंक और एपीके फाइलों को लेकर भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष एडवाइजरी जारी की है.
पुलिस के अनुसार ठग वाट्सएप और ईमेल के जरिए लिंक या एपीके फाइल भेज रहे हैं. इन फाइलों में दावा किया जाता है कि 8वें वेतन आयोग के अनुसार वेतन की गणना या नई सैलरी की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.

क्लिक करते ही ठगों के पास पहुंचती है बैंक अकाउंट

जैसे ही कोई व्यक्ति इन फाइलों को डाउनलोड या इंस्टॉल करता है, साइबर अपराधियों को उसके मोबाइल फोन और बैंकिंग जानकारी पहुंच जाती है. एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि ऐसे मामलों में व्यक्तिगत डेटा चोरी होने और बैंक खातों से रकम निकाले जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. पुलिस ने साफ कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक ना करें और किसी भी एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल करने से बचें.

कोई भी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर ही देखें

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि वेतन आयोग या अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी कोई भी जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही देखें. सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्राप्त किसी भी फाइल को संदिग्ध मानें. मोबाइल में एंटी वायरस और सुरक्षा सेटिंग्स सक्रिय रखने की भी सलाह दी गई है.

यदि किसी व्यक्ति को इस तरह का संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है या वह ठगी का शिकार हो जाता है, तो तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने या ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है. पुलिस ने संदेश दिया है कि आपकी सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है. नागरिकों से अपील है कि वे लालच या जिज्ञासा में आकर किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक ना करें और साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करें.

ये भी पढे़ं: Bhopal News: राहुल गांधी के भोपाल दौरे से पहले बोले CM मोहन यादव- AI Summit में भी कांग्रेस ने देश की इज्जत नहीं रखी

Exit mobile version