Vistaar NEWS

MP News: एमपी के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी! छठे वेतनमान का DA 5% बढ़ा, 6 किस्‍तों में मिलेगा एरियर

Dearness Allowance Symbolic Image

महंगाई भत्ता सांकेतिक तस्‍वीर

MP News: मध्य प्रदेश सरकार ने छठा वेतनमान प्राप्त कर रहे लगभग 40 हजार कर्मचारियों और अधिकारियों को राहत देते हुए उनके महंगाई भत्ते (DA) में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है. इस संबंध में वित्त विभाग ने बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी किए. बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अप्रैल 2026 के वेतन से लागू होगा, जबकि इसका लाभ 1 जुलाई 2025 से प्रभावी माना जाएगा. इस वृद्धि के बाद इन कर्मचारियों का DA 252 प्रतिशत से बढ़कर 257 प्रतिशत हो जाएगा.

एरियर छह किस्तों में मिलेगा

सरकार के फैसले के अनुसार, जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि का एरियर कर्मचारियों को एकमुश्त न देकर छह समान किस्तों में दिया जाएगा. ये किस्तें मई से अक्टूबर 2026 के बीच जारी की जाएंगी. हालांकि, जो कर्मचारी या अधिकारी इस अवधि में सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उन्हें एरियर की पूरी राशि एक साथ प्रदान की जाएगी.

7वें वेतनमान वालों को भी मिला लाभ

वहीं, सातवें वेतनमान के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों को भी पहले ही राहत दी जा चुकी है. राज्य सरकार ने उनका महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाकर 55 प्रतिशत से 58 प्रतिशत कर दिया है. यह बढ़ा हुआ भत्ता अप्रैल के वेतन से लागू हो चुका है, जिसका भुगतान मई में किया जाएगा. साथ ही, पेंशनर्स को भी महंगाई राहत (DR) का लाभ 1 जनवरी 2026 से दिया जाएगा.

सैलरी और एरियर में होगी बढ़ोतरी

सरकार के इस फैसले से राज्य के करीब 12 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को सीधा फायदा मिलेगा. बढ़े हुए महंगाई भत्ते के चलते कर्मचारियों की मासिक सैलरी में लगभग 465 रुपए से लेकर 4,230 रुपए तक की बढ़ोतरी होगी. इसके अलावा एरियर के रूप में उन्हें 4,185 रुपए से लेकर 38,070 रुपए तक की राशि प्राप्त हो सकती है.

ये भी पढे़ं- MP में नर्सिंग ऑफिसर भर्ती में 100% महिला आरक्षण देने का मामला, HC ने पुरुष अभ्यर्थियों को दी बड़ी राहत

Exit mobile version