Damoh: गरीब की शादी में दारोगा ने बढ़ाया मदद का हाथ, थानेदार की दरियादिली से झूम उठा बेटी का परिवार
सांकेतिक तस्वीर
Damoh: दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र से पुलिस का एक सराहनीय और भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां हटा थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने एक गरीब मजदूर परिवार की मदद कर इंसानियत की मिसाल पेश की है. जानकारी के मुताबिक पांजी निवासी सुमंत्रा विश्वकर्मा अपने पति के साथ बेटी की शादी का निमंत्रण देने थाने पहुंची थीं. बातचीत के दौरान परिवार ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए कूलर की कमी बताई.
आपबीती सुनकर थाना प्रभारी हुए भावुक
परिवार की आपबीती सुनकर थाना प्रभारी भावुक हो गए और तुरंत मदद का भरोसा दिया. इसके बाद उन्होंने समाजसेवियों के साथ मिलकर सोफा सेट, कूलर, पंखा, कपड़े सहित अन्य जरूरी सामान खरीदकर परिवार को भेंट किया. बेटी की शादी के लिए मिली इस मदद से परिवार की खुशी दोगुनी हो गई. इसके बाद परिजनों ने थाना प्रभारी का आभार जताते हुए कहा कि अब उनकी बेटी की शादी यादगार बन जाएगी.
टीआई साहब का बहुत-बहुत धन्यवाद-बेटी की मां
इस नेक कार्य में स्थानीय समाजसेवियों शीतल सरदार, दीपक आरती चौरसिया, साहिल पंजाबी और आशीष पुरानी ने भी सहयोग किया और मिलकर बेटी के विवाह हेतु सामग्री उपलब्ध कराई. बेटी की मां ने कहा ‘हमारी बेटी की सर ने कूलर दिया है सोफा दिया साथ ही कुछ साड़ियां भी दी है. जब लड़की इस बारे में सुनेगी तो बहुत खुश होगी. हम सर के पास शादी का कार्ड देने गए थे हमारी बेटी की शादी 29 मार्च 2026 को तय है इस मदद के लिए टीआई साहब का बहुत-बहुत धन्यवाद.’