Dewas: देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में बड़ी कार्रवाई, CM के निर्देश पर SDM और तहसीलदार निलंबित
देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट
Dewas Pataka Factory Blast: मध्यप्रदेश के देवास में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट मामले में शासन ने की कठोर कार्रवाई की है. सूबे के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देश पर संभागायुक्त उज्जैन ने SDM और तहसीलदार को निलंबित कर दिया गया है. इतना ही नहीं राज्य शासन ने SDO(Police) को भी निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय देवास रहेगा.
लापरवाही के लगे आरोप
एसडीएम संजीव सक्सेना, नायब तहसीलदार रवि शर्मा और एसडीओपी दीपा मांडवे पर निलंबन की कार्रवाई लापरवाही और कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर की गई है. उज्जैन संभाग आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, टप्पा चिड़ावद तहसील टोंकखुर्द में पदस्थ नायब तहसीलदार रवि शर्मा पर विस्फोटक सामग्री संबंधी प्रशासनिक निरीक्षण में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं.
SDOP दीपा मांडवे भी निलंबित
इनता ही नहीं इस आदेश में कहा गया है कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप निरीक्षण और निगरानी नहीं किए जाने के कारण यह घटना घटित हुई. इसके चलते इन अधिकारियों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं गृह विभाग की तरफ से जारी आदेश में सोनकच्छ एसडीओपी दीपा मांडवे को भी निलंबित किया गया है. शासन के अनुसार, फैक्ट्री संचालन के संबंध में समय-समय पर जारी निर्देशों के बावजूद निरीक्षण नहीं किया गया और वरिष्ठ कार्यालय को प्रतिवेदन भी प्रस्तुत नहीं किया गया.

क्या था पूरा मामला?
दरअसल बीती 14 मई को देवास जिले के टोंकखुर्द क्षेत्र स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में पांच लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रुप से घायल भी हुए थे. राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और घायलों के मुफ्त इलाज की घोषणा की थी. सीएम मोहन यादव ने इस पूरे मामले में जांच के आदेश दिए थे ताकि कारणों का पता लगाया जा सके और जिम्मेदारों पर कार्रवाई भी की जा सके.
ये भी पढे़ं: ‘ASI की रिपोर्ट में मूर्ति का जिक्र नहीं’, दिग्विजय सिंह बोले- पूजा होगी या इबादत सुप्रीम कोर्ट तय करेगा