देवास शराब कांड मामले में कांग्रेस का बड़ा एक्शन, राहुल जायसवाल को दिखाया बाहर का रास्ता

Dewas TI Murder: मामला सामने आते ही कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल ने सफाई भी दी थी. उन्होंने वीडियो जारी करते हुए कहा था कि, मुझे सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि मेरा शराब कांड में नाम आ रहा है. मेरे पास शराब ठेकेदारी से जुड़ा कोई लाइसेंस नहीं है.
dewas news

देवास टीआई हत्या

Dewas TI Murder: मध्यप्रदेश में हाल ही में हुए देवास शराब कांड जिसमें खातेगांव थाना टीआई दिलीप पुरी की मौत मामले में कांग्रेस ने बड़ा एक्शन लिया है. पार्टी ने टिमरनी से कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल को बाहर का रास्ता दिखा दिया है. जी हां, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर नेता का निष्कासन किया गया है. बता दें कि, देवास टीआई मर्डर के मामले में राहुल जायसवाल का नाम सामने आ रहा था जिसके बाद पार्टी ने यह फैसला लिया है.

सभी पदों से हटाने का निर्णय लिया

दरअसल, पार्टी की ओर से पत्र जारी किया गया है जिसमें नेता राहुल जायसवाल को संगठन के सभी पदों के हटाने के साथ-साथ प्राथमिक सदस्यता से निष्कासन का आदेश जारी किया गया है. वहीं, पार्टी द्वारा यह आदेश 3 तारीख को जारी किया गया था जो अब सामने आ रहा है. पार्टी ने घटना निंदनीय बताया है. बता दें, राहुल जायलवाल लंबे समय से पार्टी के लिए जरूरी भूमिका निभा रहे थे.

नेता ने दी थी सफाई

हालांकि, मामला सामने आते ही कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल ने सफाई भी दी थी. उन्होंने वीडियो जारी करते हुए कहा था कि, मुझे सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि मेरा शराब कांड में नाम आ रहा है. मेरे पास शराब ठेकेदारी से जुड़ा कोई लाइसेंस नहीं है. मेरा ट्रैवल्स का बिजनेस है और पेट्रोल पंप है. मैं बस का व्यापारी हूं. मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है.

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल पूरा मामला कुछ दिनों पहले का है जब, देवास पुलिस अवैध शराब के मामलों से निपटने के लिए पांच टीम गठित की थी. इसमें खातेगांव पुलिस थाना प्रभारी दिलीप पुरी भी थे. देवास पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक जिसमें अवैध शराब भरी हुई है.बैतूल-इंदौर हाईवे पर हरदा से गुजरात की ओर जा रहा है. इस ट्रक का पीछा नेमावर थाने की पुलिस भी कर रही थी. काफी देर की खोजबीन के बाद पुलिस को ट्रक सड़क किनारे खड़ा मिला.

जब दिलीप पुरी ने ड्राइवर से बाहर आने के लिए कहा तो उसने ट्रक आगे बढ़ा दिया. टीआई को कुचल दिया गया. गंभीर रूप से घायल टाउन इंस्पेक्टर को अस्पताल ले जाया गया. जहां उन्हें करीब दो घंटे तक CPR दिया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इस पूरे मामले में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का नाम सामने आया है. राहुल 2 नवंबर को दिल्ली में पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. दिल्ली से इंदौर लौटते ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

ज़रूर पढ़ें