Dewas: विसर्जन करने गए थे ग्रामीण, मधुमक्खियों ने कर दिया हमला, दो दर्जन से अधिक घायल
देवास
Dewas: नवरात्रि का समापन हो चुका है. ऐसे में जगह जगह माता को विसर्जित किया जा रहा है. इसी बीच मध्यप्रदेश के देवास जिले से बड़ी खबर आ रही है. दरअसल, यहां के ग्राम रजोदा में मां की ज्योत विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया. हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान कई लोगों के घायल होने की खबर आ रही है.
मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की
घटना के बाद आस पास अपरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की. कुछ देर के लिए वहां भगदड़ जैसे हालात भी बन गए. वहीं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. जहां घायलों का उपचार किया जा रहा है.
एक और गांव में ही हुई ऐसी घटना
यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले सोनकच्छ क्षेत्र के अगेरा गांव में भी इसी तरह का हादसा हुआ था. सोमवार को वहां माता की मूर्तियों के विसर्जन चल समारोह के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था. उस घटना में भी 25 लोग घायल हुए थे. करीब 13 लोगों को सोनकच्छ के शासकीय सिविल अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करीब एक दर्जन और लोगों को भी मधुमक्खियों ने काटा था, लेकिन उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई. इसलिए वे अस्पताल नहीं गए और घर लौट गए. बीएमओ डॉ. शैलेंद्र ओरिया के अनुसार घायलों की स्थिति चिंताजनक नहीं है और उपचार से सुधार हो रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि विसर्जन चल समारोह में बज रहे डीजे की तेज आवाज से पेड़ पर लगे छत्ते की मधुमक्खियां भड़क गई थीं. घायलों में महिलाओं और किशोरियों की संख्या अधिक बताई जा रही है.