Vistaar NEWS

MP News: धर्म परिवर्तन नहीं किया तो नौकरी से निकाला, जबलपुर में शिक्षकों ने SP ऑफिस के बाहर किया प्रदर्शन

Teachers Protest Outside SP's Office

शिक्षकों को एसपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन

MP News: जबलपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक स्कूल से पांच लोगों को केवल इसलिए बाहर कर दिया गया क्योंकि उन्होंने धर्म परिवर्तन नहीं किया. यह आरोप लगाते हुए निकाले गए शिक्षकों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अनोखे तरीके से धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन करने पहुंचे शिक्षकों ने अपने आवेदन को बैनर पर छपवाया और उसे लेकर धरने पर बैठ गए. साथ ही प्रशासन से धर्म परिवर्तन करने की अनुमति मांगने लगे.

सेंट एलायसिस स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप

दरअसल, जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेंट एलायसिस स्कूल के प्रिंसिपल पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने स्कूल के शिक्षकों पर धर्मांतरण का दबाव बनाया. पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में पीड़ितों ने बताया कि उन्हें केवल इस आधार पर नौकरी से निकाला गया क्योंकि वे हिंदू हैं और उन्होंने ईसाई धर्म स्वीकार नहीं किया. इसी तरह अन्य लोगों को भी प्रताड़ित कर स्कूल से बाहर कर दिया गया. पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत 20 दिन पहले माढ़ोताल थाने में की थी, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की.

स्कूल में धर्म प्रचार का आरोप

शिक्षकों का कहना है कि सेंट एलायसिस स्कूल में ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जाता है. वहां नौकरी भी केवल इस आधार पर दी जाती है कि व्यक्ति ईसाई धर्म का हो. अगर कोई हिंदू धर्म से आता है, तो उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जाता है. आरोप है कि लोगों को तरह-तरह के लालच दिए जाते हैं और जब कोई व्यक्ति उनके झांसे में नहीं आता, तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगता है.

चर्च जाने और प्रार्थना करने का दबाव

स्कूल से निकाले गए एक शिक्षक ने बताया कि स्कूल में सभी स्टाफ को प्रार्थना करने और चर्च जाने के लिए कहा जाता है. जो ऐसा नहीं करता, उसके खिलाफ स्कूल के अंदर ही षड्यंत्र रचा जाता है. शिक्षक का आरोप है कि नौकरी और अन्य सुविधाएं देने का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जाता है.

प्रशासन से धर्म परिवर्तन की अनुमति मांगी

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में धरने पर बैठे शिक्षकों का कहना है कि अगर उन्हें अपनी नौकरी बचानी है, तो उन्हें धर्म बदलना होगा. इसी वजह से उन्होंने प्रशासन से धर्म परिवर्तन की अनुमति मांगी है. प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन सेंट एलायसिस स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिसके चलते वे खुद को मजबूर महसूस कर रहे हैं.

ये भी पढे़ं- धर्म परिवर्तन करते ही खत्म हो जाएगा SC-ST का दर्जा, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

Exit mobile version