MP News: मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है. मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (MPPKVVCL) ने किसानों को स्थाई बिजली कनेक्शन देने के लिए बड़ा ऐलान किया है. अब किसानों को महज 5 रुपए में स्थाई विद्युत कनेक्शन दिया जाएगा. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने इसके लिए बाकायदा आदेश जारी कर दिया है. आदेश के बाद किसानों को अब ढाई हजार की जगह महज 5 रुपए देकर स्थाई कनेक्शन मिल जाएगा.
सिर्फ 5 रुपए में बिजली कनेक्शन
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी किसानों को 5 हॉर्स पॉवर तक के ऑनलाइन स्थाई कृषि विद्युत कनेक्शन ढाई हजार रुपए की जगह पर मात्र पांच रुपए में देगी. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने किसानों को पांच हॉर्स पॉवर तक स्थाई कृषि संयोजन के लिए आवेदन शुल्क को मात्र 5 रुपए निर्धारित किया है. यह सुविधा उन मामलों में दी जाएगी, जहां विद्युत लाइन विस्तार की आवश्यकता नहीं होगी. अधीक्षण अभियंता ग्रामीण ने बताया कि मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने इस संबंध में सर्कुलर जारी कर दिया है. अब तक प्रचलित व्यवस्था में किसानों से ऑनलाइन आवेदन के लिए 2 हजार 500 रुपये पंजीयन शुल्क एवं सुरक्षा निधि जमा कराई जा रही थी.
बिल में शामिल होगी राशि
नए फैसले के तहत किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह तय किया गया है कि उपभोक्ता द्वारा स्थापित सर्विस लाइन की सुरक्षा नियमों की जांच के उपरांत मात्र 5 रुपए शुल्क में आवेदन स्वीकार किया जाएगा, जबकि शेष सुरक्षा निधि की राशि प्रथम विद्युत बिल में समायोजित की जाएगी.
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए विद्युत सुविधा सरल, सुलभ एवं किफायती बनाना है. उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऑनलाइन स्थाई कृषि पंप संयोजन जारी करने की कार्रवाई नियमानुसार शीघ्र पूर्ण की जाए, जिससे किसानों को समय पर लाभ मिल सके.
