Vistaar NEWS

श्योपुर में तेज आंधी से दीवार गिरी, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 2 लोगों की हालत गंभीर

Three people died after being buried under debris during a storm in Sheopur.

श्योपुर में आंधी-तूफान में मलबे में दबने से 3 लोगों की मौत हो गई.

Input- हेमकुमार तिवारी

MP News: श्योपुर जिले के आवदा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. तेज हवाओं के कारण एक मकान की ईंट की दीवार और उसके ऊपर लगा लोहे का टीनशेड अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई.

जानकारी के अनुसार आवदा थाना क्षेत्र के एक गांव में भीमा आदिवासी अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे. इसी दौरान क्षेत्र में अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया. तेज हवाओं का दबाव इतना अधिक था कि मकान के पास बनी ईंट की दीवार और उससे जुड़ा लोहे का टीनशेड अचानक गिर पड़ा. मलबे की चपेट में परिवार के कई सदस्य आ गए.

तीन लोगों ने मौके पर दम तोड़ा, 2 की हालत नाजुक

हादसे में भीमा आदिवासी, उनकी पत्नी सीमा आदिवासी और बहू राजवती आदिवासी गंभीर रूप से दब गए. स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं रिंकू आदिवासी (भीमा का पुत्र) और विष्णु आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाया गया और घायलों को बाहर निकाला गया. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता दी जाएगी

हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं. ग्रामीणों का कहना है कि आंधी-तूफान अचानक और बेहद तेज था, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला.

प्रशासन ने घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. वहीं राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आकलन कर शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.

ये भी पढे़ं: भोपाल में ATS ने संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया, अफगानिस्तान जाकर स्पेशल ट्रेनिंग लेने की तैयारी में था

Exit mobile version