भोपाल में ATS ने संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया, अफगानिस्तान जाकर स्पेशल ट्रेनिंग लेने की तैयारी में था

ATS द्वारा आरोपी के घर की तलाशी लेने पर कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं. जांच एजेंसी के अनुसार तलाशी के दौरान जिहादी साहित्य और कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े दस्तावेज मिले हैं.
The MP ATS has arrested a suspicious young man from Bhopal.

एमपी एटीएस ने भोपाल से संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है.

MP News: मध्य प्रदेश एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (ATS) ने राजधानी भोपाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है. ATS ने काजी कैंप क्षेत्र से मोहम्मद फराक नामक युवक को हिरासत में लिया है. एजेंसी का दावा है कि आरोपी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था और कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित होकर संदिग्ध नेटवर्क के संपर्क में था.

जानकारी के अनुसार ATS ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को काजी कैंप स्थित एक मस्जिद के पास से गिरफ्तार किया. खुफिया इनपुट के आधार पर एजेंसी पिछले कुछ समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी. प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी विशेष ट्रेनिंग हासिल करने के लिए अफगानिस्तान जाने की तैयारी कर रहा था. इसके लिए वह कुछ लोगों के संपर्क में भी था.

जिहादी साहित्य, मदरसे से जुड़े लेन-देन की जानकारी मिली

ATS द्वारा आरोपी के घर की तलाशी लेने पर कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं. जांच एजेंसी के अनुसार तलाशी के दौरान जिहादी साहित्य और कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े दस्तावेज मिले हैं. कुछ दस्तावेज पाकिस्तान से भेजे जाने की आशंका जताई जा रही है. इसके अलावा मार्शल आर्ट और अन्य प्रकार के प्रशिक्षण से संबंधित सामग्री भी बरामद हुई है. जांच में कुछ मदरसों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी विस्तृत पड़ताल की जा रही है.

ATS ने आरोपी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया. एजेंसी ने उससे गहन पूछताछ के लिए रिमांड मांगा है ताकि उसके संपर्कों, फंडिंग के स्रोत और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके.

बड़े मॉड्यूल को लेकर जांच कर रही हैं एजेंसी

ATS अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है. पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है. एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी बड़े मॉड्यूल का हिस्सा था या अकेले काम कर रहा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां उससे जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं.

ये भी पढ़ें: ‘लड़के से जुड़े मामले में CBI जांच क्यों नहीं?’ राजा रघुवंशी हत्याकांड में भाई ने ट्विशा केस का जिक्र किया

ज़रूर पढ़ें