इनपुट-सचिन शर्मा
Bhind: भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र अंतर्गत मेहरा गांव में हुई 6 वर्षीय मासूम बच्ची सृष्टि दोहरे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. भोपाल से आई जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कलयुगी मां ज्योति और उसके प्रेमी रमाशंकर उर्फ पलू शर्मा के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत नामजद अपराध दर्ज कर लिया है.
कुएं में मिला था अज्ञात बालिका का शव
मामले की जानकारी देते हुए लहार थाने के जांच अधिकारी उप निरीक्षक (SI) मुंशीलाल डोंगरने बताया कि बीते 15 जून को मेहरा गांव के एक कुएं में एक अज्ञात बालिका का शव बरामद हुआ था. पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेजा था, जिसके बाद मृतका के पिता धर्मसिंह दोहरे ने उसकी पहचान अपनी 6 वर्षीय पुत्री सृष्टि दोहरे के रूप में की थी.
मां का चल रहा था प्रेम-प्रसंग
जांच अधिकारी के अनुसार, बच्ची अपनी मां ज्योति के पास ही रह रही थी. पड़ताल के दौरान सामने आया कि ज्योति का गांव के ही रमाशंकर उर्फ पलू शर्मा के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था और दोनों घटना के दिन से ही अचानक गांव से फरार हैं. एस.आई. मुंशीलाल डोंगर ने बताया कि भोपाल से पुलिस जांच रिपोर्ट प्राप्त होने और साक्ष्यों की पुष्टि होने के बाद दोनों संदेहियों के खिलाफ हत्या (धारा 302) का मामला पंजीकृत किया गया है.
पुलिस का मानना है कि…
पुलिस का मानना है कि ज्योति और पलू ने मिलकर ही मासूम बच्ची की हत्या की और शव को कुएं में फेंक दिया. फिलहाल, दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. जांच अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही दोनों को हिरासत में ले लिया जाएगा.
ये भी पढ़ेंः भोपाल-इंदौर में झमाझम बारिश! IMD ने 12 जिलों में जारी किया अलर्ट, जानें मौसम का अपडेट
