Vistaar NEWS

‘वोट काटने नहीं, बिखरे वोटों को संगठित करने आए हैं’, दतिया उपचुनाव पर बोले चंद्रशेखर आजाद- 3 महीने से तैयारी है

The candidate from Chandrashekhar Azad's party filed his nomination.

चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के उम्मीदवार ने नामांकन भरा.

Chandrashekhar Azad On Datia By-Poll: मध्य प्रदेश में दतिया विधानसभा में उपचुनाव को लेकर मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है. शुक्रवार को नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है. शनिवार को आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार ने भी नामांकन भर दिया है. चंद्रशेखर आजाद की पार्टी की तरफ से दामोदर यादव चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं. वहीं चुनाव में पार्टी का प्रत्याशी उतारने पर आजाद समाज पार्टी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद से विस्तार न्यूज़ की टीम ने बात की तो उन्होंने बताया कि हमारी तैयारी पिछले तीन महीनों से चल रही है.

‘सेवड़ा में कमी रह गई, दतिया में पूरी होगी’

चंद्रशेखर आजाद ने कहा, ‘ जब ये सीट रिक्त हुई थी, उसके अगले दिन ही मैंने यहां अपनी पार्टी से पूछा था कि क्या यहां चुनाव लड़ना है. सभी ने जब चुनाव लड़ने के लिए हां किया तो मैंने कहा अभी से तैयारी शुरू कर दीजिए. इसके बाद मैंने दामोदर यादव से कहा कि आपको चुनाव लड़ना है. उन्होंने मना कर दिया. इसके बाद मैंने बोला आपको चुनाव लड़ना ही है, और सेवड़ा में जो कमी रह गई है, उसको दतिया में पूरी करनी है. वो डेढ़ सौ से ज्यादा गांवों में जा चुके हैं.’

‘BJP ने सर्वे करवाया था, उसमें उन्हें पता चल गया’

आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष ने आगे कहा, ‘हम तीन महीनो से तैयारी कर रहे हैं. तैयारी का फायदा ये हुआ है कि अगर दतिया में कल वोट पड़ जाएं तो आजाद समाज पार्टी चुनाव जीतेगी.’

वहीं नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटे जाने पर उन्होंने कहा कि हमने सर्वे किया है. उसमें हमारी जीत हो रही है. बीजेपी ने भी सर्वे किया था, उन्हें भी पता चला गया कि आजाद समाज पार्टी का प्रत्याशी जीत रहा है. हमने किसानों, दलितों, युवाओं की आवाज उठाई है.

‘वोट काटने नहीं बिखरे वोटों को संगठित करने आए हैं’

वहीं चुनाव में वोट काटने के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा, ‘जनता किसी को वोट देती है तो वोट काटती नहीं है. ये लोकतंत्र है. यहां कोई किसी का गुलाम नहीं है. प्रत्याशी उतारने से कोई प्रभावित हो, बहुजन समाज के लोगों का हित नहीं मरना चाहिए. बहुजन समाज का कार्यकर्ता संघर्ष करता है, लेकिन उनकी कोई आवाज नहीं उठाता. कोई भी पार्टी हो हम सभी को पटखनी देंगे.

2024 लोकसभा चुनाव में हम दो सीटों पर लड़े थे. एक सीट में जीते दूसरी सीट पर तीसरे स्थान पर रहे. बीजेपी तमिलनाडु में एक सीट जीती है, तो क्या वोट काट रही है. केरल में एक-दो सीट मिलती है. तो क्या वोट काटती है. ये पूरी बेल्ट बहुजन समाज की है. हम वोट काटने का नहीं पुराने बिखरे वोट को संगठित करके शक्ति बनाएंगे. हमको एमपी में लड़ना है. क्योंकि हमको इसे पूरे मध्य प्रदेश में स्थापित करना है. दतिया का परिणाम आने दीजिए, 3 तारीख को सभी जवाब आपको मिल जाएंगे.’

ये भी पढे़ं: ड्रग्स नेटवर्क की जांच के बीच नया एंगल, नाना पटवारी का 4 युवतियों से निकला कनेक्शन! फिर हो सकती है पूछताछ

Exit mobile version