MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक सवाल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उन्होंने ग्वालियर और मुरैना सांसद से ऐसा प्रश्न कर लिया, जिसका जवाब देने में दोनों अटक गए. सीएम इंतजार का इंतजार करना पड़ा, लेकिन जो उत्तर आया वह उनके मनमुताबिक नहीं था.
सीएम ने सांसदों से क्या-क्या पूछा?
ग्वालियर में ‘यंग थिंकर्स कॉन्फ्ल्यूएंस 2026’ का आयोजन किया गया है. इसमें सीएम मोहन यादव के साथ-साथ ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह और मुरैना सांसद शिव मंगल सिंह तोमर समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित किया. इसके साथ ही दोनों सांसदों से ‘सांसद’ शब्द का मतलब पूछ लिया. इसकी उत्पत्ति कैसे हुई? इस प्रश्न के बाद काफी देर शांति रही फिर इसके बाद दोनों सांसदों ने स्वीकार किया कि उन्हें नहीं पता कि आखिर सांसद कहां से आया और इसका अर्थ क्या है.
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
मुख्यमंत्री का सवाल और सांसदों का जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. इसके बारे में लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. इस शब्द ने लोगों के बीच उत्सुकता को बढ़ा दिया है.
‘सांसद’ शब्द का क्या मतलब होता है?
‘सांसद’ शब्द का इतिहास रोचक और दिलचस्प है. इसके सामान्य अर्थ की बात की जाए तो संसद का सदस्य सांसद कहलाता है. ये कहा जा सकता है कि यह शब्द संसद से बना है. संसद संस्कृत भाषा के ‘संसद्’ है, जिसका अर्थ सभा या परिषद होता है. जहां किसी महत्वपूर्ण विषय पर विचारों का आदान-प्रदान होता है और विचार विमर्श किया जाता है.
भारतीय संसद दिल्ली में स्थित है. जहां दो सदन लोकसभा और राज्यसभा हैं. लोकसभा को निम्नसदन कहा जाता है. इस सदन के सदस्य हर पांच साल में निर्वाचित होकर पहुंचते हैं. इन्हें जनता प्रत्यक्ष तौर पर चुनती है. इसके सदस्य लोकसभा सांसद कहलाते हैं. वहीं, राज्यसभा को उच्च सदन कहा जाता है. इसके सदस्य हर 6 साल में निर्वाचित होते हैं. इसके सदस्यों को राज्यसभा सांसद कहा जाता है.

