दतिया उपचुनावः आज भाजपा-कांग्रेस दोनों उम्मीदवार भरेंगे नामांकन, कई दिग्गज होंगे शामिल
आशुतोष तिवारी और घनश्याम सिंह
Datiya By-Poll: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनावी अभियान तेज हो गया है. आज बीजेपी-कांग्रेस दोनों उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे. नामांकन के दौरान दोनों पार्टियों का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल सकता है. दतिया उपचुनाव में भाजपा ने आशुतोष तिवारी तो वहीं कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है.
बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित अंचल के सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे. सुबह से भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है.
नामांकन में दिखेगा शक्ति प्रदर्शन
वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह भी आज अपना नामांकन भरेंगे. उनके नामांकन में मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, उमंग सिंगार सहित कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे. इस दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा.
जातीय समीकरण को साधने में BJP-कांग्रेस
उपचुनाव की घोषणा होते ही सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी. दतिया में जातीय समीकरणों को लेकर महादंगल शुरू हो गया है. दोनों पार्टियां जातीय समीकरण को साधने में जुटी हैं. जातीय समीकरण के हिसाब से दोनों पार्टियों ने अपने नेताओं को तैनात किया है.
ये भी पढ़ेंः ‘अब किनारे पर घर बना लो, मुझे…’, पत्रकार के सवाल पर बोल पड़े नरोत्तम मिश्रा
3 अगस्त को आएगा परिणाम
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा. जिसका रिजल्ट 3 अगस्त को आएगा. दतिया में उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के कारण खाली हुई सीट की वजह से हो रहा है. अब देखना यह होगा कि इस रण में कौन बाजी मारने में सफल होता है. इसका फैसला 3 अगस्त हो होगा.