दतिया उपचुनाव में दिखी अलग तस्वीर, मंच से बुलाकर जीतू पटवारी ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को गले लगाया
दतिया से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी
रिपोर्ट- निशांत तिवारी
Datiya By-Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के माहौल में सौहार्द की एक तस्वीर चर्चा का विषय बन गई. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान वहां से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का काफिला गुजरा. पटवारी ने उन्हें रुकने का आग्रह किया, जिसके बाद आशुतोष तिवारी मंच के पास पहुंचे और दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन करते हुए गले मिलकर संक्षिप्त बातचीत की.
यह दृश्य उपस्थित लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बन गया. इससे पहले भी जीतू पटवारी की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य नेताओं के साथ ट्रेन में चाय पर चर्चा की तस्वीर सुर्खियां बटोर चुकी है. अब दतिया से सामने आई यह नई तस्वीर चुनावी माहौल में अलग संदेश दे रही है.
लोकतंत्र की खूबसूरत तस्वीर
राजनीतिक जानकार इसे लोकतांत्रिक मर्यादा और व्यक्तिगत संबंधों का उदाहरण मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे चुनावी रणनीति के नजरिए से भी देख रहे हैं. हालांकि दोनों दल अपने-अपने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत से जुटे हैं, लेकिन यह तस्वीर लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेदों के बीच आपसी सम्मान और संवाद की संस्कृति को भी रेखांकित करती है.
ये भी पढ़ेंः दतिया में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सबसे बड़े जमींदार! जानिए कितनी है भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की संपत्ति
30 जुलाई को होना है मतदान
बता दें, दतिया विधानसभा में 30 जुलाई को मतदान होना है. जिसका परिणाम 3 अगस्त को आएगा. यहां से भाजपा की ओर से आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है, तो वहीं कांग्रेस की ओर से आशुतोष का मुकाबला करने के लिए घनश्याम सिंह चुनावी मैदान में हैं. फिलहाल, चुनाव-प्रचार के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है.