Gwalior News: ग्वालियर से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. दरअसल, यहां की बदहाल सड़कों को लेकर हाईकोर्ट की सख्ती के बीच बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है. शहर की सड़कों की गुणवत्ता जांचने हाईकोर्ट की कमेटी सैंपलिंग के लिए मैदान में उतरी और पहले ही दिन की सैंपलिंग के बाद ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर संघ प्रिय का ट्रांसफर कर दिया गया. खराब सड़कों को लेकर हाईकोर्ट लगातार निगम आयुक्त से नाराजगी जता चुका था. ऐसे में कमिश्नर के तबादले को हाईकोर्ट की सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है.
ग्वालियर की सड़कों का हाल बेहाल
ग्वालियर की सड़कों पर चलना शहरवासियों के लिए लंबे समय से परेशानी का सबब बना हुआ है. कहीं सड़क उखड़ी है, कहीं गड्ढे हैं, तो कहीं नई बनी सड़क की गुणवत्ता पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं. शहर की बदहाल सड़कों को लेकर मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा. कोर्ट ने इसे गंभीरता से लेते हुए सड़कों की गुणवत्ता की जांच के लिए कमेटी गठित की.
सैंपलिंग के बीच निगम कमिश्नर का ट्रांसफर
ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर संघ प्रिय का ट्रांसफर शहर की खराब सड़कों की वजह बताया जा रहा है. शहर की खराब सड़कों को लेकर हाईकोर्ट पहले भी निगम आयुक्त की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जता चुका था. कोर्ट की सुनवाई के दौरान सड़कों की स्थिति और उनकी गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं. ऐसे में सड़कों की जांच के लिए कमेटी के मैदान में उतरने के बीच निगम कमिश्नर का ट्रांसफर चर्चा का विषय बन गया है.
ये भी पढ़ें: जयपुर में CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका के साथ मारपीट, ग्रामीणों ने गाड़ियों पर किया पथराव
