Vistaar NEWS

सागर शराब कांड के बीच ग्वालियर में पकड़ी गई अवैध वाइन, डबरा में भी कच्ची दारू से भरे मिले 5 ड्रम

gwalior illegal wine

अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई

सागर में हुए जहरीली शराब कांड के बाद मध्य प्रदेश पुलिस प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है. सागर जिले की बंडा विधानसभा में दूषित शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो गई हैं वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी हैं. इस घटना के बाद से पूरे प्रदेश में पुलिस ने अवैध शराब के ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. ग्वालियर और मुरैना में पुलिस ने कई सौ लीटर अवैध कच्ची शराब नष्ट की है.

ग्वालियर पुलिस ने ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर मोहना के पास बन रही अवैध शराब पकड़ी है. आबकारी विभाग की इस रेड में ढ़ाबा पर शराब का जखीरा मिला हैं. टीम ने यहां से 2600 लीटर ओपी (इथेनॉल), 63 बल्क लीटर शराब, 20 ड्रम पेट्रोल और 18 ड्रम थिनर बरामद किया है. जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक जब्त इथेनॉल से करीब 32 लाख रुपये की शराब बनाई जा सकती थी.

तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से तीन आरोपियों अनिल शर्मा, सौरभ गुर्जर और अरबाज खान को भी गिफ्तार किया है. ये तीनों मिलकर यहां पर अवैध शराब निर्माण का कारोबार चला रहे थे. पुलिस ने इन सभी पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में पेट्रोल में थिनर, इथेनॉल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मिलाकर नकली पेट्रोल तैयार किया जाता था. तैयार पेट्रोल हाइवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को बेचने की बात सामने आई है.

करहिया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

उधर डबरा तहसील के करहिया थाना पुलिस ने लाल डाडा क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई की है. थाना प्रभारी संजू यादव के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान करीब 600 लीटर गुड़ लाहन नष्ट किया गया. दरअसल पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी, इसी दौरान टीम लाल डांडा पहुंची.

यहां पर सरकारी जमीन पर नाले के किनारे एक लोहे की भट्टी लगी हुई है. इस भट्टी में गुड़ लाहन गर्म किया जा रहा था. मौके पर पांच नीले रंग के ड्रम भी मिले हैं, इनमें गुड़ लाहन भरा हुआ था. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने इन ड्रमों में भरा गुड़ लाहन जमीन पर फैलाकर नष्ट कर दिया.

जारी रहेगा अभियान- थाना प्रभारी संजू यादव

थाना प्रभारी संजू यादव ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा. अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

ये भी पढ़ें: Sagar Liquor Tragedy: सागर में जहरीली शराब का दंश! पिता की मौत, दोनों बेटे हॉस्पिटल में भर्ती

Exit mobile version