MP News: दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का अलग अंदाज देखने को मिला. जनसंपर्क के दौरान वे खेत में पहुंचे और ट्रैक्टर चलाकर किसानों के साथ धान की रोपाई की तैयारी में हाथ बंटाया. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सोनार गांव में किसानों के बीच पहुंचे पटवारी
दतिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सोनार में जनसंपर्क के दौरान जीतू पटवारी मुख्य सड़क किनारे स्थित किसान कालीचरण पटेल के खेत पर पहुंचे. उस समय किसान का बेटा जयदीप पटेल ट्रैक्टर से धान की रोपाई की तैयारी कर रहा था.
खुद संभाली ट्रैक्टर की कमान
जयदीप को खेत में काम करते देख जीतू पटवारी खुद ट्रैक्टर पर सवार हो गए और कुछ देर तक ट्रैक्टर चलाकर धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करने का काम किया. इस दौरान मौजूद ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
चुनाव प्रचार के बीच अलग अंदाज
जीतू पटवारी इन दिनों कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में दतिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसभाएं और जनसंपर्क कर रहे हैं. चुनावी माहौल के बीच नेताओं के ऐसे अलग-अलग अंदाज भी मतदाताओं का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं. अब देखना होगा कि ये तस्वीरें और संदेश चुनावी माहौल पर कितना असर डालते हैं.
ये भी पढे़ं- Datia By-Election: ‘कांग्रेस राजा-महाराजाओं की पार्टी है’, चुनाव प्रचार के दौरान जीतू पटवारी के सामने बोले लोग
