MP News: जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य ने राजनीतिक परिवारवाद और आदिवासी समाज के प्रतिनिधित्व को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि मंचों से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का नाम लेने वाले बड़े नेता कभी यह नहीं कहते कि किसी सामान्य आदिवासी या वंचित वर्ग के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया जाए. शाक्य ने राजनीतिक दलों के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता की कुर्सियों पर नेताओं के बेटे और भाई ही बैठते हैं. उनके इस बयान ने कार्यक्रम में राजनीतिक प्रतिनिधित्व और परिवारवाद को लेकर चर्चा छेड़ दी.
परिवारवाद पर उठाए सवाल
विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि देश में बाबा साहब अंबेडकर का नाम सम्मान के साथ लिया जाता है, लेकिन वंचित और आदिवासी समाज के सामान्य लोगों को शीर्ष पदों पर पहुंचाने की बात नहीं होती. उन्होंने कहा कि राजनीति में नेताओं के परिवारों का प्रभाव बना हुआ है और उनके बेटे-भाई ही आगे बढ़ते हैं. शाक्य के मुताबिक, समाज जातिगत राजनीति और परिवारवाद के चक्रव्यूह में फंसा हुआ है.
शाक्य ने आदिवासी शब्द की परिभाषा को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि इस देश में कोई आदिवासी नहीं है. पहाड़ों पर रहने वाले गिरिवासी, जंगलों में रहने वाले वनवासी, गांवों में रहने वाले ग्रामवासी और शहरों में रहने वाले नगरवासी हैं.उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कुछ लोग खुद को आदिवासी मानते हैं, तो बाकी समाज को किस रूप में देखा जाएगा? क्या शेष लोग देश के बाहर से आए हैं? उन्होंने कहा कि समाज को अलग-अलग वर्गों में बांटने से विभाजन की स्थिति पैदा होती है.
भाजपा जिलाध्यक्ष और कलेक्टर की तुलना गणेश जी से की
अपने भाषण की शुरुआत में विधायक ने सनातन परंपरा का उल्लेख करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की तुलना भगवान गणेश से की. उन्होंने कहा कि शुभ कार्यों की शुरुआत गणेश पूजन से होती है. इसी संदर्भ में उन्होंने मंच पर मौजूद दोनों प्रमुख व्यक्तियों को गणेश जी के रूप में देखने की बात कही.
भाजपा जिलाध्यक्ष ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई. उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए कहा कि जनजातीय समाज की महिला का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचना महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने जनजातीय समाज के विकास और अधिकारों के लिए केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद निकली जागरूकता रैली
समारोह में स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनजातीय समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम के बाद आंबेडकर चौराहे से जागरूकता रैली निकाली गई. यह रैली हनुमान चौराहा, हाट रोड और जगदीश कॉलोनी से होते हुए वापस आंबेडकर चौराहे पर पहुंचकर समाप्त हुई. कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, पूर्व विधायक गोपीलाल जाटव, सांसद प्रतिनिधि हरि सिंह यादव, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
