इनपुट-मनोज शर्मा
Morena News: मुरैना जिले में मूंग खरीदी शुरू न होने और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से नाराज किसानों ने बुधवार को नेशनल हाईवे-44 पर चक्का जाम कर दिया. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान सड़क पर उतर आए, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.
MSP खरीदी और खाद संकट से किसान परेशान
किसानों का कहना है कि मूंग की फसल तैयार होने के बावजूद समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी शुरू नहीं की गई है. वहीं दूसरी ओर खाद वितरण केंद्रों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होने से किसान कई दिनों से परेशान हैं. किसानों का आरोप है कि खाद लेने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, फिर भी उन्हें खाद नहीं मिल रही.
ज्ञापन सौंपकर मूंग खरीदी और खाद संकट दूर करने की मांग
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल मूंग खरीदी शुरू करने और सभी किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की. किसानों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें मूंग खरीदी शीघ्र प्रारंभ करने, पंजीयन सत्यापन की प्रक्रिया सरल बनाने, खाद वितरण केंद्रों पर ओपीएस मशीनों की संख्या बढ़ाने तथा किसानों की अन्य समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की गई.
ये भी पढ़ें-मुरैना के जैन मंदिर को चोर ने बनाया निशाना! चांदी का छत्र चुराया, पुलिस मामले की जांच में जुटी
किसानों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया. आश्वासन के बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया.
