इनपुट-मनोज शर्मा
Morena News: मुरैना जिले की पोरसा तहसील क्षेत्र में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने स्थित दुर्गा कॉलोनी के रहवासी पिछले करीब 15 वर्षों से पक्के रास्ते की समस्या से जूझ रहे हैं. कॉलोनी में रहने वाले लोगों का कहना है कि कई सरपंच और जनप्रतिनिधि बदल गए, लेकिन मुख्य सड़क से कॉलोनी तक पहुंचने के लिए आज तक पक्का रास्ता नहीं बन पाया.
रहवासियों के मुताबिक बारिश के दिनों में कच्चा रास्ता और अधिक खराब हो जाता है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ.
विधायक से पक्के सड़क की मांग की गई थी
लोगों का दावा है कि करीब एक वर्ष पहले उन्होंने क्षेत्रीय विधायक से भी पक्के रास्ते की मांग की थी. उस समय विधायक की ओर से रास्ते पर गिट्टी डलवाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी गिट्टी नहीं डलवाई गई.
रहवासियों ने जांच की मांग की
वहीं, नगर पालिका से संपर्क करने पर रहवासियों के अनुसार उन्हें बताया गया कि रास्ते पर गिट्टी डलवाने के संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष के पुत्र अशोक सिंह तोमर की सहमति आवश्यक है. रहवासियों ने इस संबंध में नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और स्पष्टता की मांग की है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि और नगर पालिका प्रशासन सड़क निर्माण या अस्थायी रूप से गिट्टी डालने की व्यवस्था कर दें तो कॉलोनी के लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है.
ये भी पढ़ें-मुरैना में स्कूल बना कचरा घर, बच्चे बदबू में पढ़ने को मजबूर, प्रधानाध्यापिका बताई इसकी वजह
मामले को लेकर विधायक से शिकायत
मामले को लेकर जब विधायक से बात की गई तो उन्होंने नगर पालिका सीएमओ से अपनी बात करवाने की बात कही. अब देखना होगा कि वर्षों से सड़क की समस्या से जूझ रहे दुर्गा कॉलोनी के रहवासियों को कब तक पक्के रास्ते की सुविधा मिल पाती है. बता दें कि नगर पालिका अध्यक्ष के पुत्र अशोक सिंह तोमर पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
