Vistaar NEWS

मुरैना: B.Ed परीक्षा केंद्र के शौचालय में मिले नकल के संकेत, कॉलेज परिसर में गंदगी और आवारा मवेशियों का डेरा

Morena News

शौचालय में मिले नकल के संकेत

Morena/मनोज शर्मा: जिले में संचालित हो रही B.Ed परीक्षाओं के बीच महारानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय में परीक्षा की गोपनीयता और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं. महाविद्यालय के शौचालय में परीक्षा से संबंधित सीरीज मिलने के बाद परीक्षा में नकल की आशंकाएं जताई जा रही हैं. शौचालय में मिली सीरीज को लेकर चर्चा है कि परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग किया जा रहा हो सकता है.

व्यवस्थाओं की स्थिति भी चिंताजनक

वहीं महाविद्यालय की व्यवस्थाओं की स्थिति भी चिंताजनक नजर आई. परिसर में एक दर्जन से अधिक आवारा और निराश्रित मवेशी बैठे मिले, जिससे कॉलेज का वातावरण प्रभावित होता दिखाई दिया. स्वच्छता अभियान के दावों के विपरीत शौचालयों में गंदगी के ढेर और साफ-सफाई का अभाव देखने को मिला.

घास और खरपतवार से भरा कॉलेज का मैदान

कॉलेज का मैदान भी घास और खरपतवार से भरा हुआ मिला. छात्राओं के लिए पेयजल व्यवस्था के तहत सद्भावना ग्रुप द्वारा लगाए गए वाटर कूलर के आसपास भी गंदगी फैली हुई थी, जिससे पानी पीने आने वाली छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

अधिकारियों ने नहीं रिसीव किया फोन

मामले में महाविद्यालय प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने न तो फोन रिसीव किया और न ही कोई प्रतिक्रिया दी. परीक्षा केंद्र में मिली सीरीज और अव्यवस्थाओं को लेकर अब शिक्षा विभाग की निगाहें इस महाविद्यालय पर टिक गई हैं. यदि जांच में नकल या लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो सकती है.

ये भी पढ़ें: MP Weather: एमपी के इन जिलों में जमकर बरसेंगे बदरा! भोपाल-इंदौर समेत 30 से ज्यादा शहरों के लिए यलो अलर्ट जारी

Exit mobile version