रिपोर्ट – मनोज शर्मा
MP News: मुरैना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. वार्ड क्रमांक 40 के गादीपाल क्षेत्र स्थित पार्षद वाली गली के चौराहे पर लंबे समय से भारी जलभराव बना हुआ है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवर चेंबर के ढक्कन खुले पड़े हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है.
मंगलवार सुबह जलभराव के बीच एक स्कूल वैन सीवर चेंबर में फंस गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वैन पलटते-पलटते बची और उसमें सवार बच्चे बाल-बाल बच गए. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल है.
एक बड़े हादसे से टली अनहोनी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूल वैन जलभराव के कारण खुले सीवर चेंबर में फंस गई थी. वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटने की स्थिति में पहुंच गई, लेकिन समय रहते वाहन को संभाल लिया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थोड़ी भी चूक हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था और कई मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी.
सीएम हेल्पलाइन पर भी नहीं हुई सुनवाई
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में सफाई और जल निकासी की समस्या को लेकर लगभग एक माह पहले सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. लगातार पानी भरे रहने से क्षेत्र में बदबू और गंदगी फैल रही है, जबकि मच्छरों का प्रकोप भी लगातार बढ़ता जा रहा है. लोगों का आरोप है कि नगर निगम शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा है.
राहगीरों और स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
जलभराव के कारण राहगीरों को काफी लंबा चक्कर लगाकर निकलना पड़ रहा है. क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि बुजुर्गों के लिए रास्ता पार करना जोखिम भरा हो गया है. खुले सीवर चेंबर और गंदे पानी के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.
नगर निगम के खिलाफ लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. लोगों ने मांग की है कि खुले सीवर चेंबरों को तत्काल बंद कराया जाए, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और क्षेत्र में नियमित सफाई कराई जाए. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
ये भी पढे़ं- Morena News: रामपुरकला थाने में ट्रॉली विवाद को लेकर घंटों चली पंचायत, SP के निर्देशों पर भी नहीं लौटी ट्रॉली
