Jabalpur News: करवा चौथ का व्रत एक पत्नी अपने पति की लंबी आयु के लिए रखती है, लेकिन जब पति को लंबी उम्र देने के लिए पत्नी अपना अंगदान कर दे, तो इससे बड़ा व्रत कहीं नहीं हो सकता. जबलपुर में करवा चौथ पर एक ऐसी ही पत्नी की कहानी सामने आई है, जिसने अपने बीमार पति को लंबी उम्र देने के लिए अपनी एक किडनी पति को दान कर दी.
करवा चौथ के दिन पति ICU में भर्ती था, तो किडनी दान करने वाली पत्नी ने ICU के बाहर ही करवा चौथ की पूजा विधि-विधान से की और छलनी में ICU में लेटे अपने पति को देखकर उसकी लंबी आयु की कामना की.
अस्पताल से सामने आईं भावुक तस्वीरें
जबलपुर के एक निजी अस्पताल से कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें देखकर आप भी भावुक हो जाएंगे. यहां एक किडनी दान करने वाली पत्नी ने पहले अस्पताल के बाहर आकर चांद को देखा और फिर अस्पताल के अंदर जाकर ICU में भर्ती अपने पति को छलनी में देखकर करवा चौथ की पूजा पूरी की.
पति की गंभीर बीमारी से बढ़ी परेशानी
जबलपुर के शांतिनगर के रहने वाले दीपक गुप्ता काफी समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. समय के साथ उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी और किडनी प्रत्यारोपण ही एकमात्र रास्ता बचा था. इस मुश्किल घड़ी में उनकी पत्नी रश्मि गुप्ता ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपने पति को अपनी एक किडनी दान करने का बड़ा फैसला लिया.
25 अक्टूबर को हुआ किडनी ट्रांसप्लांट
25 अक्टूबर को किडनी ट्रांसप्लांट का सफल ऑपरेशन किया गया, लेकिन डॉक्टरों के ऑब्जर्वेशन के कारण पत्नी और उनके पति को अस्पताल में ही रखा गया है. जानकारी के मुताबिक, ट्रांसप्लांट के बाद पति और पत्नी दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं.
ICU में छलनी से देखा पति का चेहरा
पत्नी रश्मि गुप्ता ने अपनी परवाह न करते हुए अस्पताल के ICU के अंदर ही छलनी से अपने पति का चेहरा देखकर करवा चौथ की पूजा पूरी की और उनके दीर्घायु होने की कामना की. पति की लंबी उम्र के लिए अपनी किडनी दान करने के बाद भी उन्होंने करवा चौथ का व्रत निभाया.
इस घटना ने न केवल शादी के सात फेरों के वचनों को सच साबित किया है, बल्कि समाज में अंगदान के प्रति एक नई अलख भी जगाई है.
ये भी पढे़ं- 6 साल तक तस्वीर देखकर खोला व्रत, अब करवा चौथ पर मिटी दूरियां, काउंसलर ने पति-पत्नी का कराया सुलह
