Vistaar NEWS

MP News: शिवपुरी में शराब दुकान में तोड़फोड़ और पुलिस-आबकारी टीम पर हमले में सरपंच समेत 15 गिरफ्तार, महिलाएं भी शामिल

MP News

एमपी न्यूज

MP News: शिवपुरी: अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम अमोलपठा में लाइसेंसी शराब दुकान में तोड़फोड़, आगजनी और पुलिसआबकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच समेत 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार मामले में शामिल शेष आरोपियों की तलाश लगातार जारी है.

घटना 10 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे की बताई गई है. शराब दुकान के कर्मचारी मनीष राय की शिकायत पर अमोला थाना पुलिस ने छोटेराजा गुर्जर, दुष्यंत परमार, कमल सिंह गुर्जर, दीवान सिंह बघेल सहित करीब 50-60 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शराब बिक्री बंद कराने के विरोध में ग्रामीणों की भीड़ लाठी-डंडे लेकर शराब दुकान पर पहुंची और दुकान में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी.

ज्ञापन देने के बाद शराब दुकान पर पहुंची भीड़

FIR के मुताबिक, ग्राम उकायला के सरपंच प्रतिनिधि छोटेराजा गुर्जर, ग्राम उड़वाया के सरपंच कमल सिंह गुर्जर, ग्राम पाराग के सरपंच दीवान सिंह बघेल और ग्राम अमोलपठा के जनपद सदस्य दुष्यंत परमार ग्रामीणों के साथ शराब बिक्री के विरोध में ज्ञापन देने अमोलपठा चौकी पहुंचे थे. चौकी पर आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे. ज्ञापन देने के बाद आबकारी टीम शराब दुकान पर पहुंची, जिसके कुछ देर बाद बड़ी संख्या में महिला-पुरुष लाठी-डंडे लेकर दुकान पर पहुंच गए.

शिकायत के अनुसार, भीड़ ने शराब दुकान में घुसकर शराब और बीयर की पेटियां बाहर निकालीं, उन्हें फोड़ा और आग लगा दी. दुकान के पीछे बने स्टॉक रूम में रखी शराब की पेटियों को भी बाहर निकालकर जलाने का आरोप लगाया गया है.

आबकारी कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला

मामला बिगड़ने की सूचना पर अमोलपठा चौकी प्रभारी अंजली सिंह पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचीं. अमोला थाने का स्टाफ भी वहां पहुंचा. आरोप है कि पुलिस और आबकारी अधिकारियों ने भीड़ को दुकान में घुसने तथा तोड़फोड़ करने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पुलिस एवं आबकारी कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया.

FIR में शासकीय वाहन MP 03 A 0744 और MP 03 A 3565 के कांच एवं बॉडी में तोड़फोड़ करने तथा वाहनों पर पत्थर फेंकने का भी आरोप लगाया गया है. शराब दुकान कर्मचारी मनीष राय ने एक आरोपी द्वारा डंडे से मारपीट किए जाने से उसके दाहिने हाथ और आंख के नीचे चोट आने की बात भी शिकायत में कही है.

844 पेटियां जलाने का दावा

शिकायत में किंगफिशर बीयर की 135 पेटी, बोल्ट बीयर की 97 पेटी, बोल्ट केन की 22 पेटी, देशी शराब की 356 पेटी और मसाला शराब की 234 पेटी, यानी कुल 844 पेटियां, फोड़कर और जलाकर नष्ट किए जाने का दावा किया गया है. शराब की वास्तविक कीमत का आकलन बाद में किए जाने की बात शिकायत में कही गई है. घटना के वीडियो फुटेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं.

सरपंच समेत 15 गिरफ्तार, बाकी की तलाश

घटना के बाद पुलिस ने FIR में दर्ज धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए सरपंच एवं दो महिलाओं सहित कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. वहीं घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें तलाश में जुटी हैं.

अमोला थाना पुलिस ने मामले में धारा 296, 333, 132, 115(2), 121(1), 211, 191(1), 191(2), 191(3), 190, 326(च), 326(छ) बीएनएस तथा धारा 3(1) लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 के तहत अपराध दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है.

मंदसौर: नींव खोदते ही निकला किंग जॉर्ज पंचम का ‘खजाना’, 700 चांदी के सिक्के मिले लेकिन बंटवारे के चक्कर में खुली पोल

Exit mobile version