Gwalior News: ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र के हुरावली इलाके में चोरों ने बीएसएफ के एक जवान के बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. परिवार बड़े भाई की तेरहवीं में शामिल होने गांव गया हुआ था. इसी दौरान बदमाश मकान का मुख्य ताला तोड़कर अंदर घुसे और नकदी व सोने-चांदी के जेवर समेटकर फरार हो गए. चोरी का पता तब चला, जब पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला देखा और इसकी जानकारी मकान मालिक को दी.
परिवार के गांव जाते ही सूना मिला घर
पीड़ित नरेन्द्र सिंह (55) बीएसएफ में कार्यरत हैं. उनका पैतृक गांव डबरा के मेहगांव में है, जबकि वर्तमान में वे अपने परिवार के साथ हुरावली में रहते हैं. उनके बड़े भाई प्रहलाद सिंह का 2 जुलाई को निधन हो गया था. तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए पूरा परिवार गांव चला गया था. 13 जुलाई की शाम बेटे पंकज ने घर में ताला लगाकर गांव के लिए रवाना हुआ था.
नकदी समेत सोने-चांदी के जेवर ले उड़े बदमाश
15 जुलाई को पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है. सूचना मिलने पर जब परिवार वापस लौटा तो घर के अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला. जांच करने पर पता चला कि चोर करीब 1.80 लाख रुपये नकद, डेढ़ तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, सोने का फूल, तीन जोड़ी चांदी की बिछिया और एक जोड़ी चांदी की पायल लेकर फरार हो चुके थे. चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. थाना प्रभारी गोविंद बंगोली का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
