Vistaar NEWS

विस्तार न्यूज की खबर का असर, मजदूर परिवारों का नहीं उजड़ा ‘आशियाना’, मुरैना में कलेक्टर ने प्रभावितों को दी राहत

The victim's family has thanked Vistar News.

पीड़ित परिवार ने विस्तार न्यूज को धन्यवाद दिया है.

Input- मनोज शर्मा

MP News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में विस्तार न्यूज की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है. बड़ोखर क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान चार मजदूर परिवारों के आशियाने उजड़ने की खबर को विस्तार न्यूज के प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया. खबर प्रसारित होने के बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित परिवारों को फिलहाल कुछ दिनों तक उसी स्थान पर रहने की अनुमति दे दी है.

बुलडोजर चलाकर परिवारों के कच्चे-पक्के मकान हटाए थे

स्टेट सर्वे क्रमांक 934 की जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर चार परिवारों के कच्चे-पक्के मकान हटा दिए थे. भीषण गर्मी में दोपहर करीब 2 बजे हुई इस कार्रवाई के बाद महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे खुले आसमान के नीचे आ गए थे. घर टूटते देख महिलाओं की आंखों में आंसू छलक पड़े थे और बच्चे बिलखते नजर आए थे.

विस्तार न्यूज ने पीड़ित परिवारों की पीड़ा और मौके की तस्वीरों को प्रमुखता से दिखाया था. खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशीलता दिखाई गई और मजदूर परिवारों को अस्थायी राहत प्रदान की गई. अब प्रभावित परिवारों को कुछ दिनों तक उसी जगह पर रहने की अनुमति दी गई है, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिल सकी है.

पीड़ित परिवार ने कलेक्टर का आभार जताया

पीड़ित परिवारों ने विस्तार न्यूज और कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खबर दिखाए जाने के बाद उनकी समस्या सुनी गई. मजदूर परिवारों का कहना है कि वे वर्षों से मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं और अचानक बेघर होने से बड़ी परेशानी खड़ी हो गई थी. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के इस फैसले को मानवीय पहल बताते हुए सराहना की है. फिलहाल परिवार खुले में पड़े अपने सामान को समेटकर अस्थायी रूप से वहीं रह रहे हैं.

ये भी पढ़ें: ‘जो गाय खाते थे, अब वही राष्ट्र माता बनाने की मांग कर रहे’, पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मौलाना मदनी पर जमकर बोला हमला

Exit mobile version