Indore: बारहवीं कक्षा की पढ़ाई के साथ सिविल जज की तैयारी कर रही एक नाबालिग छात्रा ने ऐसा षडयंत्र रचा, जिसने परिवार के साथ ही कई थाना पुलिस की नींद भी उड़ा दी. घर से कोचिंग के निकली छात्रा ने 3 लोगों पर उसका कार से अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था. जांच में जुटी पुलिस की अलग अलग टीम ने बताए स्थानों पर पहुंचकर जब साक्ष्य जुटाए तो पूरे मामले का खुलासा हो गया. मामले में 3 लोग नहीं बल्कि छात्रा के बॉय फ्रेंड को ही पुलिस ने आरोपी बना दिया.
इंदौर के बंगाली नगर की रहने वाली 17 साल की बारहवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा इंग्लिश और हिंदी टाइपिंग की प्रैक्टिस करने बंगाली चौराहे स्थित बेस्ट कंप्यूटर सेंटर पर जाती है. वह पढ़ने में होशियार छात्रा है और बारहवीं कक्षा के साथ ही सिविल जज की परीक्षा की तैयारी कर रही है. वह हर दिन शाम 7 बजे कोचिंग सेंटर पर आती थी और 1 से 2 घंटे टाइपिंग की प्रैक्टिस किया करती थी. बुधवार शाम भी वह सेंटर पर पहुंची थी, लेकिन 10 मिनट रुककर वह वहां से निकल गई. सेंटर संचालकों को लगा कि वह अपने घर गई है, लेकिन वह घर नहीं पहुंची.
अपहरण कर किया गैंग रेप
लेकिन रात तकरीबन 11 बजे पीड़िता ने किसी राहगीर के मोबाइल से परिजन को कॉल किया और बताया कि वह क्षिप्रा थाने पर है. 3 लोगो ने कर से उसका अपहरण कर उसके साथ गैंग रेप किया और उसे जख्मी हालत में सड़क किनारे फैंककर चले गए. वह एक राहगीर की मदद से क्षिप्रा थाने पहुंची है. उसकी यह बात सुनते ही परिजन को पैरो तले जमीन खिसक गई. वे आनन फानन में क्षिप्रा थाने पहुंचे और पीड़िता की शिकायत पर गैंग रेप की धाराओं में एफआईआर दर्ज करवाई. शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसे कोचिंग के बाहर से अपहरण किया गया था और क्षिप्रा में फैंककर चले गए. चूंकि घटनास्थल तिलक नगर थाना होने की वजह से क्षिप्रा पुलिस ने जीरो पर कायमी कर मामला जांच के लिए तिलक नगर थाने भेज दिया.
चलती कार में नाबालिग छात्रा से गैंग रेप
चलती कार में नाबालिग छात्रा से गैंग रेप की जानकारी मिलते ही देहात के साथ ही शहरी पुलिस के भी होश उड़ गए. पुलिस ने तुरंत कई टीमें गठित कर छात्रा द्वारा बताए गए रूट पर रवाना की. गुरुवार को एक टीम कोचिंग इंस्टीट्यूट पहुंची. वहां पूछताछ में पता चला कि छात्रा महज 10 मिनट रुककर यहां से निकल गई थी. जब बिल्डिंग के सीसीटीवी कैमरा के फुटेज खंगाले गए तो छात्रा एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर जाते हुए नजर आई. ये फुटेज दिखाकर जब छात्रा से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और उसने पुलिस को सच्चाई बता दी.
छात्रा ने पुलिस को बताया
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह अपने बॉय फ्रेंड अंश के साथ विजय नगर इलाके के होटल वैदिक विष्ठा गई थी. लेकिन वहां लेट होने की वजह से वह अपनी सौतेली मां द्वारा किए जाने वाले सवालों से घबरा गई थी. सौतेली मां के सवालों से बचने के लिए उसने बाय फ्रेंड के साथ मिलकर यह झूठी कहानी रची थी. चूंकि पुलिस छात्रा का मेडिकल करवा चुकी थी, जिसमें उसके साथ इंटरकोर्स करने की पुष्टि हो गई थी, लिहाजा पुलिस ने उसके बॉय फ्रेंड अंश को आरोपी बनाकर एफआईआई संशोधित कर अंश को गिरफ्तार कर लिया. वही होटल वैदिक विष्ठा को नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का घटनास्थल मानते हुए तिलक नगर पुलिस ने उसे सील कर दिया.
समाज के सामने कई सवाल खड़े कर दिए
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर समाज के सामने कई सवाल खड़े कर दिए. सवाल उठ रहा है कि पढ़ाई में होशियार और सिविल जज की तैयारी कर रही नाबालिग किशोरी ने आखिर कैसे इतनी सनसनीखेज कहानी बना डाली और उसे यह क्यों नहीं लगा कि उसकी झूठी कहानी का पुलिस के सामने पर्दाफाश हो जाएगा. सवाल ऐसे होटलों पर भी उठ रहा है जो चंद रुपयों के लिए कमरे किराए पर देकर बच्चियों का जीवन बर्बाद करने का काम कर रहे है.
