Vistaar NEWS

MP News: ओंकारेश्वर पार्किंग में श्रद्धालुओं से मनमानी वसूली के आरोप, तय शुल्क से कई गुना अधिक रकम लेने पर उठे सवाल

Dispute over parking

पार्किंग को लेकर विवाद

रिपोर्ट – घनश्याम माहिल्या

MP News: मध्‍य प्रदेश की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नई पार्किंग व्यवस्था लागू होने के साथ ही श्रद्धालुओं से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने के आरोप सामने आए हैं. नगर परिषद ने 1 अगस्त से नया पार्किंग ठेका उत्तर प्रदेश की तनिष्क इंफ्राटेक को दिया है.

नई दरों के अनुसार कार, जीप और ऑटो जैसे छोटे वाहनों के लिए 6 घंटे तक 50 रुपये, 6 से 12 घंटे तक 75 रुपये और 12 घंटे से अधिक समय के लिए 100 रुपये शुल्क तय किया गया है. वहीं, टेंपो ट्रैवलर के लिए 6 से 12 घंटे तक का शुल्क 320 रुपये निर्धारित किया गया है.

तय दरों की अनदेखी का आरोप

इसके बावजूद श्रद्धालुओं का आरोप है कि पार्किंग कर्मचारियों द्वारा निर्धारित दरों की अनदेखी कर कई गुना अधिक राशि वसूली जा रही है. इंदौर के नीरज निगम ने बताया कि उनकी कार करीब 8 घंटे तक पार्क रही, लेकिन उनसे 220 रुपये वसूले गए, जबकि निर्धारित शुल्क 75 रुपये था. उनका कहना है कि तय शुल्क से कहीं अधिक राशि लेना पूरी तरह अनुचित है.

टेंपो ट्रैवलर चालक ने भी लगाए गंभीर आरोप

वहीं, महाराष्ट्र के अकोला से आए टेंपो ट्रैवलर चालक निकेश राठौर का आरोप है कि 10 घंटे की पार्किंग के लिए उनसे 620 रुपये वसूले गए, जबकि निर्धारित शुल्क 320 रुपये तय है. उनका कहना है कि पार्किंग शुल्क को लेकर श्रद्धालुओं और वाहन चालकों के साथ मनमानी की जा रही है.

जांच और कार्रवाई की मांग तेज

श्रद्धालुओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नगर परिषद द्वारा निर्धारित पार्किंग शुल्क का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है. वहीं, ठेकेदार के कर्मचारी ने अधिक वसूली के आरोपों पर सुधार करने की बात कही है.

ये भी पढे़ं- MP News: सावन के पहले सोमवार पर ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में लगी भक्तों की भीड़, बोल बम के के जयकारों से गुजी तीर्थनगरी

Exit mobile version