Indore: वंदे मातरम विवाद में कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम की बढ़ी मुश्‍क‍िलें, कोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत याचिका

Indore News: कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम को अदालत से राहत नहीं मिली है. जिला न्यायालय ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है.
Congress councilor Fauzia Sheikh Aleem

कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम

Indore News: इंदौर में वंदे मातरम गान को लेकर सामने आए विवाद में कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम को अदालत से राहत नहीं मिली है. जिला न्यायालय ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है. इस फैसले के बाद मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. एमजी रोड थाना पुलिस ने विवाद से जुड़े मामले में फौजिया शेख अलीम और रुबीना इकबाल खान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था.

जमानत के लिए दिए गए तर्क

अदालत में दायर याचिका में फौजिया शेख अलीम की ओर से बताया गया था कि वे पिछले दो दशकों से इंदौर नगर निगम में पार्षद के रूप में कार्यरत हैं. साथ ही उनका संबंध ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी से है और वे कानून की पढ़ाई भी कर रही हैं. याचिका में यह तर्क भी दिया गया कि उनकी परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए उन्हें अग्रिम जमानत प्रदान की जाए. हालांकि, अभियोजन पक्ष ने इन दलीलों का विरोध करते हुए मामले को गंभीर प्रकृति का बताया.

अभियोजन पक्ष ने रखा अपना पक्ष

सुनवाई के दौरान सरकारी पक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे लोक अभियोजक अभिजीत सिंह राठौड़ ने अदालत को बताया कि आरोपी पार्षद द्वारा कथित रूप से दिए गए कुछ बयान धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करने वाले और सामाजिक सौहार्द के लिए प्रतिकूल माने जा सकते हैं. अभियोजन का कहना था कि इन टिप्पणियों के कारण समाज में विवाद की स्थिति बनी और विभिन्न वर्गों के बीच असहमति बढ़ी.

विवादित बयानों का हवाला

सरकारी पक्ष ने अदालत के समक्ष उन बयानों का भी उल्लेख किया, जिनके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. अभियोजन के अनुसार, वंदे मातरम और धार्मिक मान्यताओं से जुड़े कथित वक्तव्यों के कारण विवाद उत्पन्न हुआ, जिससे लोगों की भावनाएं प्रभावित हुईं. इसी आधार पर अदालत से अग्रिम जमानत याचिका खारिज करने का आग्रह किया गया.

कोर्ट के फैसले के बाद बढ़ीं मुश्किलें

मामले की सुनवाई के बाद जिला न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करते हुए फौजिया शेख अलीम की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त कर दी. अदालत के इस निर्णय के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस आगे क्या कदम उठाती है. न्यायालय से राहत नहीं मिलने के कारण कांग्रेस पार्षद के लिए कानूनी चुनौतियां बढ़ती नजर आ रही हैं.

ये भी पढे़ं- Indore में वंदे मातरम पर विवाद गरमाया, कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम पर कार्रवाई की मांग, सभापति ने संभागायुक्त को पत्र लिखा

ज़रूर पढ़ें