रिपोर्ट- मोसिम तड़वी
MP News: बुरहानपुर में नगर निगम क्षेत्र में जनता की समस्याओं को लेकर एक अनोखा विरोध देखने को मिला. नगर निगम के उपसभापति फहीम हाशमी लोहार मंडी रोड की बदहाल स्थिति से नाराज होकर सड़क पर जमा कीचड़ में ही धरने पर बैठ गए. इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब तक महापौर मौके पर नहीं पहुंचेंगी, तब तक वे वहां से नहीं उठेंगे.
8 महीने पहले की गई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, लोहार मंडी रोड की खराब सड़क और कीचड़ की समस्या को लेकर एक स्थानीय निवासी ने करीब 8 महीने पहले नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई थी. लगातार शिकायतों और मांगों के बावजूद अब तक सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. बारिश के चलते सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
आश्वासनों से नाराज होकर किया विरोध प्रदर्शन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निगम प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन दिए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं किया गया. इसी बात से नाराज होकर उपसभापति फहीम हाशमी स्वयं मौके पर पहुंचे और सड़क पर जमा कीचड़ में बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. उनका यह अनोखा प्रदर्शन देखते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई.
जनता की समस्याओं पर उठाए सवाल
धरने के दौरान उपसभापति फहीम हाशमी ने कहा कि जब एक आम नागरिक की शिकायत पर 8 महीने तक सुनवाई नहीं होती, तो यह नगर निगम की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है. उन्होंने कहा कि यदि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान समय पर नहीं होगा, तो लोगों का प्रशासन से भरोसा उठ जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्या को लेकर वे सड़क पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे.
अधिकारियों ने संभालने की कोशिश की स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया. निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया. हालांकि, उपसभापति अपने फैसले पर अड़े रहे और महापौर को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे.
शहरभर में चर्चा, समाधान की उम्मीद
इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा अब शहरभर में हो रही है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्षों से सड़क और जलनिकासी की समस्या बनी हुई है, लेकिन उसका समाधान नहीं हो पा रहा है. लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन जल्द ही सड़क निर्माण और जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान करेगा.
ये भी पढे़ं- आलीराजपुर में अंधविश्वास का गंदा खेल! महिला को ‘डायन’ बता दिया, पति से कहा- गौमांस का पानी पिलाने से सही होगी
