MPPSC एग्जाम कैलेंडर 2027 हुआ जारी, दो बार होगी राज्य सेवा परीक्षा, जानें कब-कौनसी परीक्षाएं होंगी

MPPSC Exam Calendar 2027 Schedule: मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने साल 2027 के लिए एग्जाम कैलेंडर जारी कर दिया है. 25 परीक्षाओं के लिए तारीख जारी की गई हैं. राज्य सेवा परीक्षा दो बार आयोजित की जाएगी. सीएम मोहन यादव ने आगामी परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं.
mppsc exam calendar 2027 schedule

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 2027 के लिए एग्जाम शेड्यूल जारी किया

MPPSC Exam Calendar 2027: मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (Madhya Pradesh Public Service Commission) ने साल 2027 के लिए एग्जाम कैलेंडर जारी कर दिया है. राज्य सेवा परीक्षा, स्टेट फॉरेस्ट सर्विस, राज्य इंजीनियरिंग सर्विस, राज्य पात्रता परीक्षा, वैज्ञानिक अधिकारी परीक्षा समेत 25 एग्जाम शामिल हैं. परीक्षाओं का आयोजन साल के पहले महीने यानी जनवरी से ही शुरू हो जाएगा. आयोग की ओर से जारी शेड्यूल संभावित है. इसमें बदलाव किया जा सकता है.

सीएम मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं

साल 2027 के लिए एमपीएससी का एग्जाम कैलेंडर जारी होने पर सीएम मोहन यादव ने शुभकामनाएं दी हैं. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि हमने घोषणा की थी कि युवा वर्ष 2027 में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की राज्य सेवा परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाएगी. आज इस संकल्प को धरातल पर उतारते हुए वर्ष 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया गया है. यह प्रदेश के युवाओं को अपनी तैयारी की बेहतर योजना बनाने और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

उन्होंने आगे लिखा कि हमारी सरकार पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. MPPSC की तैयारी कर रहे सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं. पूरे आत्मविश्वास, लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ें.

दो बार होगी राज्य सेवा परीक्षा

प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है. साल 2027 में दो बार राज्य सेवा परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. 24 जनवरी को पहली प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. इसके साथ वन सेवा परीक्षा के लिए प्री एग्जाम आयोजित होंगे. राज्य सेवा के लिए मुख्य परीक्षा का आयोजन 10 मई 2027 से 15 मई 2027 को होगा. वहीं, वन सेवा की मुख्य परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल 2027 को होगा.

राज्य सेवा की दूसरी प्रारंभिक परीक्षा 2 मई 2027 को होगी. इसे विशेष नाम दिया गया है. ये करीब पांच महीने के अंतराल पर आयोजित हो रही है. वहीं, इसकी मुख्य परीक्षा 9 अगस्त 2027 से 14 अगस्त 2027 तक होगी.

राज्य सरकार ने 2027 को युवा वर्ष घोषित किया

मध्य प्रदेश सरकार ने साल 2027 को युवा वर्ष घोषित किया है. युवा और उससे जुड़े मुद्दों पर सरकार साल भर ध्यान रखेगी. इस क्रम में सरकारी भर्तियों में अधिक से अधिक युवाओं को मौका मिले. यही वजह है कि अगले साल दो बार राज्य सेवा परीक्षा आयोजित की जा रही हैं. सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में एमपी कर्मचारी चयन मंडल की ओर से भी भर्ती परीक्षाओं के शेड्यूल का ऐलान किया जा सकता है.

अपडेट जारी है…

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें