Dewas News: देवास की प्रसिद्ध माता टेकरी पर नवरात्रि के पावन पर्व के बाद शुक्रवार को दान पेटियां खोली गईं. भक्तों ने मां दुर्गा के दरबार में न सिर्फ अपनी निजी खुशियों और मन्नतों के लिए पर्चियां डालीं, बल्कि समाज की गंभीर समस्याओं को लेकर भी माता के चरणों में अर्जियां लगाईं.
मंदिर की दान पेटियों से निकली अर्जियों में भक्तों की दैनिक जीवन की चिंताएं साफ दिखाई दीं. एक भक्त ने प्राइवेट सेक्टर में 10 से 12 घंटे के लंबे काम के घंटों और कम वेतन का दर्द बयां करते हुए ड्यूटी का समय 7 घंटे करने की प्रार्थना की. वहीं, एक अन्य भक्त ने बेटियों की सुरक्षा के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की. लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए भी भक्तों ने माता रानी से सभी की रक्षा करने की मन्नत मांगी.
किसी ने मांगी आंखों की रोशनी तो किसी ने शादी की मन्नत
सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ दान पेटियों में निजी जीवन से जुड़ी भावुक अर्जियां भी निकलीं. एक मां ने अपने बेटे की आंखों की रोशनी वापस लौटने की गुहार लगाई, तो किसी ने बेटे की परीक्षा में सफलता की कामना की. वहीं, कई भक्तों ने शीघ्र विवाह, पति की नौकरी और गोद भराई की मनोकामना लेकर पर्चियां डालीं.
21 से अधिक दान पेटियां खोली गईं
टेकरी प्रभारी और नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर तथा हरिओम ठाकुर की मौजूदगी में माता टेकरी स्थित दोनों मंदिरों की 21 से अधिक दान पेटियां खोली गईं. दान पेटियों में लाखों रुपये नकद, चांदी के आभूषण और नेपाली मुद्रा प्राप्त हुई है. मंदिर समिति के अनुसार, शुक्रवार सुबह 11 बजे से शुरू हुई दान राशि की गिनती देर शाम तक जारी रहेगी. शाम 5 बजे तक 20 रुपये गिने जा चुके हैं.
ये भी पढे़ं- Indore में CM मोहन यादव ने की शस्त्र पूजा, कहा-राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करना है
