Dhar News: धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम बलवारी में नवविवाहिता का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान डॉली पति संतोष के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला.
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार सोमवार रात को मायके पक्ष को सूचना दी गई कि डॉली ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही मायके वाले तुरंत ग्राम बलवारी पहुंचे. उन्होंने शव को देखकर हत्या की आशंका जताई है. मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वाले उनकी बेटी को आए दिन परेशान करते थे. लड़ाई झगड़ा कर दहेज की मांग की जाती थी. इसी प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी की मौत हुई है.परिजनों ने इसे हत्या बताया है.
वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि डॉली ने आत्महत्या की है. दोनों पक्षों के अलग अलग बयानों के बाद पुलिस के लिए मामला और पेचीदा हो गया है.बताया जा रहा है कि डॉली का विवाह 30 अप्रैल 2026 को हुआ था. शादी के कुछ ही महीनों बाद उसकी मौत हो गई. मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए तंग किया जा रहा था.
बेटी ने फोन पर परेशानी की जानकारी भी दी थी
कई बार बेटी ने फोन पर परेशानी की जानकारी भी दी थी.मंगलवार सुबह शव को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद लाया गया. कार्यपालिक दंडाधिकारी कृष्णा पटेल और एसआई दीपिका बामनिया की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस का क्या कहना है ?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है. गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. अगर जांच में हत्या की बात सामने आती है तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.इस घटना के बाद मृतका के मायके में मातम छाया हुआ है. परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
