धार के युवा खिलाड़ियों ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है. केरल के कोच्चि में आयोजित 10वीं राष्ट्र स्तरीय पीकलबॉल रैंकिंग प्रतियोगिता में धार के चार खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय विजेता का खिताब हासिल किया. इस शानदार सफलता के बाद चारों खिलाड़ियों ने वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है. अब ये खिलाड़ी थाईलैंड में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
मध्यप्रदेश के लिए एक खास उपलब्धि
ऑल इंडिया पीकलबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों से एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता के अंडर-14 डबल्स वर्ग में धार के जीवांश राहुल अग्रवाल और अंश अनिल गोयल की जोड़ी ने महाराष्ट्र के अब्राहिम और आर्यन की जोड़ी को 15-9 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. महज 13 वर्ष की उम्र में इस उपलब्धि को हासिल कर दोनों खिलाड़ियों ने मध्यप्रदेश के लिए एक खास उपलब्धि दर्ज की.
वहीं, अंडर-19 डबल्स वर्ग में धार के सहज पंकज अग्रवाल और पार्थ अमित विजयवर्गीय की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाया. दोनों ने बिहार के जीगर और आदित्य की जोड़ी को रोमांचक मुकाबले में 16-15 से हराकर गोल्ड मेडल जीता और राष्ट्रीय विजेता का खिताब अपने नाम किया.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम किया रोशन
राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदेश और जिले का नाम गौरवान्वित करने वाले चारों खिलाड़ियों से जब बात की गई तो यह सामने आया कि मेहनत और लगन के साथ-साथ खेल के प्रति समर्पित भावना कितनी आवश्यक होती है इन नन्हे खिलाड़ियों में कोई टेनिस खेल कर तो कोई बैडमिंटन, टेबल टेनिस खेल कर पीकल बॉल गेम्स से जुड़े और आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई जो आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम गौरवान्वित करने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं. राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए इन नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी दिनचर्या में बड़ा बदलाव किया और यह मुकाम हासिल किया.
राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन
राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब धार के इन चारों युवा खिलाड़ियों की नजरें अंतरराष्ट्रीय मंच पर हैं. थाईलैंड में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करना इन खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर होगा.
छोटे शहर से अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंचने वाले इन खिलाड़ियों की सफलता से धार के खेल जगत में खुशी का माहौल है. अब खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि ये युवा खिलाड़ी विश्व चैंपियनशिप में भी अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करेंगे.
ये भी पढे़ं- कार्बाइड गन को लेकर CM मोहन यादव की सख्ती, त्योहारों में इस्तेमाल पर रोक, हादसे हुए तो कलेक्टर-SP जिम्मेदार
