Indore Diljit Concert: इंदौर में 15 नवंबर को हाेने वाले मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. प्रशासन ने कॉन्सर्ट में 4 गानों पर रोक लगा दी है. कॉन्सर्ट को लेकर बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल के प्रबंधन को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं.
दिलजीत दोसांझ कॉन्सर्ट में ‘पटियाला पैग’ और ‘5 तारा ठेके’ जैसे गाने नहीं गा सकेंगे. प्रशासन ने शराब, नशे और हथियारों से जुड़े बाेल वाले गानों को लेकर आपत्ति जताई है. प्रशासन का कहना है कि ऐसे गानों से बच्चों पर गलत असर पड़ सकता है.
4 गानों पर प्रशासन की रोक
दिलजीत दोसांझ का इस समय आरा इंडिया शो चल रहा है. भारत में दिलजीत का इस टूर का दूसरा शो है. दिलजीत के इस कॉन्सर्ट को लेकर शिकायत भी हुई, जिसके बाद अब प्रशासन द्वारा जारी एक पत्र में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का हवाला देते हुए अधिकारी ने आदेश का पालन करने और कॉन्सर्ट में 4 गाने नहीं गाने देने के निर्देश दिए हैं.
प्रशासन द्वारा जारी किए गए पत्र में लिखा है कि C-21 मॉल में हाेने जा रहे दिलजीत दोसांझ के इस कार्यक्रम में 5 साल से बड़े बच्चे भी आ सकते हैं. ऐसे में गानों के बोल बच्चों पर गलत असर डाल सकते हैं. इस पत्र की एक कॉपी इंदौर कलेक्टर, संबंधित राजस्व अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक और विजय नगर थाना प्रभारी को भेज दी गई है.
प्रोफेसर ने रखी 3 मांग
दरअसल, चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर ने इंदौर जिला बाल संरक्षण अधिकारी को अपनी शिकायत भेजी थी. इस शिकायत में 4 गानों पर रोक लगाने के साथ ही बच्चों को मंच पर नहीं बुलाने और दिलजीत के कारतूस वाली बेल्ट पहनने पर रोक लगाने की मांग की थी. प्रोफेसर ने इन मांगो के समर्थन में कई तर्क दिए थे.
