Indore News: इंदौर के महू में हत्या के एक मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. महू क्षेत्र में टीवी सुधारने में देरी होने की बात पर पूर्व आर्मी जवान ने इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी. कोर्ट में मामले की सुनवाई करते हुए प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. प्रीति श्रीवास्तव की अदालत ने हत्या के आरोपी पूर्व आर्मी जवान जयदीप सिंह परिहार को दोषी पाया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई. वहीं आरोपी पर 5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया.
टीवी ठीक करने को लेकर हुआ विवाद
महू इलाके के गोकुलगंज इलाके में एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान नीलेश अग्रवाल नाम के व्यक्ति की थी. दुकान पर दोपहर करीब 3:45 बजे ग्रे रंग की एक एक्टिवा स्कूटी से जयदीप सिंह परिहार पहुंचा. उसने अपनी टीवी दो महीने पहले देने और अब तक उसे ठीक नहीं करने की बात करते हुए नीलेश से विवाद शुरू कर दिया. नीलेश ने उसकाे समझाया और बताया कि लंबे समय से उसकी तबीयत खराब थी, जिसके कारण दुकान बंद थी, इसलिए दिए गए समय पर टीवी ठीक नहीं हो पाई.
इस बात को सुनने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोपों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि जयदीप सिंह परिहार ने खुद को रिटायर्ड आर्मी जवान बताया और परिजनों को गाली देना शुरू कर दिया. नीलेश ने इस बात का विरोध किया. इसके बाद आरोपी ने अपनी रिवॉल्वर से चार पांच गोलियां चलाई.
आरोपी ने चलाई गोलियां
आरोपी की चलाई गई गोलियां एक नीलेश की बाई आंख के पास लगी और दूसरी गोली उसके सीने में लग गई. इस घटनाक्रम के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान नीलेश का भाई विकास और उसकी मां उषा अग्रवाल भी मौजूद थी. दोनों ने अपनी आंखों से इस वारदात को होते हुए देखा, लेकिन लगातार चल रही गोलियों के बीच वे बीच-बचाव नहीं कर पाए. गंभीर रूप से घायल नीलेश को तत्काल प्रभाव से अस्पताल लेकर गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
कोर्ट ने सुनाई उम्र कैद की सजा
पूरे मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और फिर जांच शुरू कर दी. शासन की तरफ से विशेष लोक अभियोजक में महेंद्र सिंह मुजाल्दे ने पैरवी की. पूरे घटनाक्रम में अभियोजन के तर्कों और सभी जरूरी साक्ष्यों से सहमत होकर कोर्ट ने आरोपी पूर्व आर्मी जवान जयदीप सिंह परिहार को उम्र कैद की सजा सुना दी.
ये भी पढे़ं- Bhopal: बेटे को वश में करने की चाहत बनी मुसीबत! तांत्रिक भाई-बहन ने महिला से ठगे 1 करोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार
