रिपोर्ट – शेख शकील
Khandwa News: सावन का पवित्र माह जारी है. ऐसे में मौसम विभाग ने पहले ही मध्य प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश के साथ ही लगभग पूरे प्रदेश में हल्की से तेज बारिश की चेतावनी देते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इधर, प्रदेश के खंडवा जिले में सोमवार शाम से ही तेज बारिश का दौर जारी है, जो मंगलवार दोपहर तक भी जारी रहा.
इस दौरान दोपहर के समय भी आसमान में छाए काले घने बादलों के चलते अंधेरा छा गया. शहर से लगी आबना नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है और जल्द ही खतरे के निशान को छू सकता है. ऐसे में खंडवा से बुरहानपुर जाने वाले मुख्य मार्ग का संपर्क भी टूट सकता है.
करीब 20 घंटे से जारी बारिश ने बढ़ाई परेशानी
लगभग 20 घंटे से जारी बारिश के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. सड़कों पर जलजमाव के साथ ही निचली बस्तियों में भी पानी घुस गया है. शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है. सड़कों पर पानी जमा होने के कारण आने-जाने वाले वाहनों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लगातार बारिश के चलते लोगों को जरूरी कामों के लिए भी घरों से निकलने में परेशानी हो रही है.
बारिश से किसानों के खिले चेहरे
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इधर, किसानों की बात करें तो इस बारिश से किसानों के चेहरे जरूर खिले हैं. हालांकि, उन किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें भी हैं, जिनके खेत तराई वाले क्षेत्रों या गड्ढों में बने हुए हैं. ऐसे खेतों में भी लगातार बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति बनने लगी है. फिलहाल शाम के 5 बज चुके हैं और बारिश अब भी जारी है. लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है, वहीं बाजारों में भी व्यापार बारिश थमने का इंतजार करता नजर आ रहा है.
भगवंत सागर डैम के 4 गेट खोले गए
खंडवा जिले में सोमवार से जारी तेज बारिश के बाद मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पंधाना ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली सुक्ता नदी पर बने भगवंत सागर डैम के 4 गेट खोले गए हैं. डैम के गेट क्रमांक 2, 3, 4 और 5 को 1-1 मीटर तक खोला गया है. इसके बाद इन चारों गेट से कुल 11,687.390 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है.
सुक्ता नदी में बढ़ सकता है जलस्तर, प्रशासन अलर्ट
डैम से छोड़ा जा रहा पानी सुक्ता नदी के रास्ते खंडवा ब्लॉक के जसवाड़ी ग्राम स्थित नदी में पहुंचेगा. इससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने और बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका है. लगातार बारिश और डैम से पानी छोड़े जाने के बाद जिला प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. प्रशासन की ओर से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
ये भी पढे़ं- MP School closed: एमपी में मूसलाधार बारिश का तांडव, कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात, स्कूलों में छुट्टी का ऐलान
