Diljit Dosanjh Indore Concert: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का मेगा लाइव कॉन्सर्ट कल इंदौर में होने जा रहा है. बम धमाकों की धमकियों के बीच भी यह शो तय कार्यक्रम के मुताबिक ही होगा. आयोजकों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. कॉन्सर्ट को लेकर इंदौर के म्यूजिक लवर्स में जबरदस्त क्रेज है.
25 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं
अब तक 25 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं. टिकट बिक्री से करीब 7.17 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ है. यह आंकड़ा इंदौर में अब तक हुए किसी भी लाइव शो में सबसे बड़ा माना जा रहा है. बायपास स्थित C-21 एस्टेट के 4 लाख वर्गफीट मैदान में कॉन्सर्ट की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. विशाल स्टेज, लाइटिंग, साउंड सिस्टम और फैंस के लिए एंट्री-एग्जिट की व्यवस्था की गई है. इंदौर आने पर दिलजीत ने फैंस से मजाकिया अंदाज में कहा है – सबसे पहले पोहा खाऊंगा.
इंदौर में 15 नवंबर को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट होना है. कार्यक्रम से पहले इसे बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला फिर सामने आया है. इस बार महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सचिवालय के साथ शहर के कुछ बैंकों को भी धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं. इनमें पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा का नाम शामिल है. ई-मेल में लोगों को कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी गई है. मामले की पुष्टि क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने की है. पुलिस अब ई-मेल भेजने वालों की पहचान करने में जुटी है.
महापौर सचिवालय को मिली तीसरी धमकी
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले इंदौर में धमकी भरे ई-मेल मिलने का सिलसिला जारी है. इससे पहले शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को भी धमकी मिल चुकी है. मामला सामने आने के बाद महापौर सचिवालय की ओर से क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस सभी मामलों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, पहले भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में देवास निवासी निखिल गुप्ता की ई-मेल आईडी का इस्तेमाल किया गया था. निखिल एक निजी कंपनी में काम करते हैं. जांच में सामने आया कि उनका ई-मेल अकाउंट इसी साल मार्च-अप्रैल में हैक हो गया था. वे काफी समय से अपना अकाउंट रिकवर करने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस ने इस मामले में उनके बयान भी दर्ज किए हैं.
