Vistaar NEWS

Indore में 14 नवंबर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के होंगे मुकाबले, फ्री में देख सकेंगे अभिषेक शर्मा-वैभव सूर्यवंशी का धमाल

indore

सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी

Indore Syed Mushtaq Ali Trophy: इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. नवंबर में एक बार फिर होलकर स्टेडियम में चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिलेगी. 14 नवंबर से इंदौर में सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के मुकाबले खेले जाएंगे. इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारतीय टीम के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी मैदान पर नजर आएंगे.

बिहार की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे वैभव

अभिषेक शर्मा दिल्ली की टीम से खेलते दिखाई देंगे, जबकि वैभव सूर्यवंशी बिहार की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे. इंदौर में इस प्रतियोगिता के कुल 21 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे. अधिकांश मैच होलकर स्टेडियम में होंगे, जबकि कुछ मुकाबले डेली कॉलेज मैदान पर खेले जाएंगे. खास बात यह है कि होलकर स्टेडियम में होने वाले सभी मुकाबले डे-नाइट होंगे, वहीं डेली कॉलेज में दिन के मैच आयोजित किए जाएंगे.

बिना टिकट देख सकेंगे मैच

क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि इन मुकाबलों को देखने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा. यानी दर्शक बिना टिकट के स्टेडियम पहुंचकर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का खेल देख सकेंगे. प्रतियोगिता में दिल्ली, बिहार, सौराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, रेलवे, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर की टीमें हिस्सा लेंगी. दिल्ली-बिहार, दिल्ली-पंजाब, दिल्ली-हरियाणा, सौराष्ट्र-बिहार और रेलवे-तमिलनाडु जैसी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे. मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुधीर असनानी के मुताबिक, होलकर स्टेडियम में मुकाबलों के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

फिर याद आएगी 11 अक्टूबर की पारी

गौरतलब है कि होलकर स्टेडियम में पिछला अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया था. इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने महज 30 गेंदों में 69 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी. उनकी पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे. भारत ने यह मुकाबला 14 रनों से अपने नाम किया था.होलकर स्टेडियम की सपाट पिच और छोटी बाउंड्री के चलते यहां बड़े स्कोर बनने की पूरी उम्मीद है. इंदौर के दर्शकों को बिना किसी प्रवेश शुल्क के अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे सितारों को लाइव खेलते देखने का मौका मिलेगा.

Exit mobile version