Vistaar NEWS

इंदौर में टला बड़ा हादसा! नवलखा कॉम्प्लेक्स में दूसरे फ्लोर से गिरी लिफ्ट, 7 लोग घायल

indore navalakha complex lift accident 7 people injured

इंदौर: नवलखा कॉम्पलेक्स में दूसरे फ्लोर से गिरी लिफ्ट, 7 लोग घायल

Indore News: इंदौर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के स्नेह नगर स्थित नवलखा कॉम्प्लेक्स में मंगलवार (22 सितंबर) को लिफ्ट टूटने से बड़ा हादसा हो गया. सी ब्लॉक की पुरानी लिफ्ट में क्षमता से अधिक लोग सवार थे. इसी दौरान लिफ्ट अचानक दूसरे फ्लोर से नीचे आ गिरी. हादसे के वक्त लिफ्ट में सात लोग मौजूद थे, जो सभी घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसीपी मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से लिफ्ट का गेट तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, इंदौर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के स्नेह नगर स्थित नवलखा कॉम्प्लेक्स में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सी ब्लॉक की पुरानी लिफ्ट अचानक दूसरे फ्लोर से नीचे आ गिरी. बताया जा रहा है कि लिफ्ट में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और सभी नीचे की ओर जा रहे थे. इसी दौरान दूसरे फ्लोर पर पहुंचते ही लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे आ गई.

हादसे के बाद लिफ्ट में फंसे सात लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रयास शुरू किए. सूचना मिलते ही पुलिस और एसीपी भी मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से लिफ्ट का गेट तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

सभी के पैरों में आई चोट

घायलों में नवलखा कॉम्प्लेक्स के स्थानीय निवासी अंकित ढींगरा भी शामिल हैं. उनके पैरों में गंभीर चोट आई है और फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है. वहीं, लिफ्ट में सवार अन्य छह लोग पंजाब से इंदौर आए ढींगरा परिवार के मेहमान बताए जा रहे हैं. हादसे में सभी के पैरों में चोटें आई हैं. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई.

ये भी पढ़ें: ‘चौड़ाई थोड़ी सी…’, वाले बयान पर कैलाश विजयवर्गीय की सफाई, बोले- कांग्रेस ने इसे गलत तरीके से उठाया

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. लिफ्ट किस वजह से टूटी, उसकी क्षमता कितनी थी और उसके रखरखाव की स्थिति कैसी थी, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

Exit mobile version