Indore Garba Action: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां कि पुलिस ने गरबा आयोजनों में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की है.जिसमें, विजयनगर के रास रात्रि गरबा का परिसर पुलिस द्वारा सील कर दिया गया है. यही नहीं, आयोजकों के खिलाफ fir भी दर्ज की गई है. साथ ही, ढोली तारा 5.0 गरबा की अनुमति भी रद्द कर दी गई है.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, बीते दिनों विजयनगर के सजन प्रभा गार्डन में आयोजित रास रात्रि गरबा में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया था. जहां बिना एंट्री पास एक संदिग्ध युवक के पंडाल के अंदर घुसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो में उस युवक को बेखौफ घूमते हुए देखा गया था, जिससे महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे.
पुलिस ने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया
जैसे ही वीडियो वायरल हुआ इंदौर पुलिस ने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया और जांच शुरू की. पुलिस की जांच में पाया गया कि, आयोजकों ने एंट्री पर कोई सख्त चेकिंग रखी ही नहीं थी. न ही मेटल डिटेक्टर था न ही पर्याप्त गार्ड्स तैनात थे. इसी लापरवाही के चलते आयोजक महिला रोशनी श्रीवास्तव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223(A) के तहत केस दर्ज किया है.
‘परिवार के साथ चार्ट बनाएं…’, जल संकट पर कैलाश विजयवर्गीय का संदेश, बोले- पानी की बचत आज की आवश्यकता
ढोली तारा 5.0 गरबा आयोजन की अनुमति भी कैंसल
वहीं दूसरी ओर ढोली तारा 5.0 गरबा आयोजन के लिए पुलिस-प्रशासन ने 3 हजार लोगों की अनुमति दी थी, लेकिन मौके पर करीब 6 हजार लोग पहुंच गए थे. ढोली तारा 5.0 गरबा कार्यक्रम के आयोजकों ने ने क्षमता से दोगुनी भीड़ को काबू करने की कोई तैयारी नहीं की थी.
आयोजन स्थल में पार्किंग और बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से रिंग रोड पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया. जाम इतना गंभीर था कि उसमें एक एम्बुलेंस भी फंस गई, जिससे मरीज की जान पर बन आई. लोगों की शिकायतों के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और व्यवस्था को संभालने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने ढोली तारा 5.0 गरबा की अनुमति भी कैंसल कर दिया.
