Vikrant Bhuria: झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया की दरियादिली का वीडियो सामने आया है. लोग जमकर उनकी तारीफ कर रहे हैं. दरअसल, भूरिया बुधवार (5 अगस्त) को कल्याणपुरा क्षेत्र के दौरे पर जा रहे थे. इस दौरान उन्होंने देखा कि एक महिला सड़क हादसे में घायल हो गई हैं. उन्होंने फौरन अपनी गाड़ी रुकवायी. घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.
महिला की चोट पर लगाए 7 टांके
बावड़िया गांव के पास दो बाइक के भिड़ंत में शांति मेड़ा नाम की महिला घायल हो गई. इसी दौरान कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया घटनास्थल के पास से गुजर रहे थे. उन्होंने बिना समय गंवाए महिला को अपनी गाड़ी में बैठाया और कल्याणपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. इसके साथ ही उन्होंने खुद ही घायल का इलाज किया. महिला के माथे पर चोट आयी, जिसमें भूरिया ने 7 टांके लगाए. अब ये पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यूजर्स विधायक की तारीफ कर रहे हैं.
मानवता सबसे बड़ा धर्म है। ❤️
— Dr.Vikrant Bhuria (@VikrantBhuria) August 5, 2026
आज कल्याणपुर क्षेत्र के दौरे पर जाते समय रास्ते में बावड़िया गांव के समीप एक सड़क हादसे में बहन शांति मेडा घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल अपनी गाड़ी रोककर उन्हें अपने वाहन में बैठाया और बिना समय गंवाए कल्याणपुर अस्पताल पहुँचाकर उनका… pic.twitter.com/9bcwe4AEsC
अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
कांग्रेस विधायक भूरिया जब कल्याणपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो वहां कोई ड्रेसर मौजूद नहीं थी. उन्होंने महिला की चोट की गंभीर स्थिति को देखकर खुद ही इलाज किया. गहरे जख्म को देखते हुए एक्स-रे कराने के लिए कहा लेकिन वोल्टेज कम होने के कारण मशीन काम नहीं कर पायी. इस पर विक्रांत भूरिया ने नाराजगी जताई.
भूरिया के पास है एमएस की डिग्री
- विक्रांत भूरिया झाबुआ विधानसभा सीट से विधायक हैं.
- साल 2017 से 2020 तक झाबुआ जिला कांग्रेस अध्यक्ष रहे.
- आदिवासी कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष भी है. इससे पहले एमपी यूथ कांग्रेस के प्रेसिडेंट भी रह चुके हैं.
- इंदौर के गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज से MBBS और MS की डिग्री पूरी की. सर्जरी में गोल्ड मेडलिस्ट रहे.
- 2010-11 में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रहे.
- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के बेटे हैं.
