Omkareshwar Tiranga Yatra: ( शेख शकील की रिपोर्ट) स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार शाम 4 बजे तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में मां नर्मदा पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. मध्य प्रदेश में अपनी तरह की पहली अनूठी नौका तिरंगा यात्रा में 151 नौकाएं शामिल रहीं. भारत माता के रूप में सजी बालिका यात्रा का विशेष आकर्षण रहीं.
ब्रह्मपुरी घाट से शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ ब्रह्मपुरी घाट से हुआ. इसमें मांधाता विधायक नारायण पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए. हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारे लगाए. देशभक्ति के गीतों से मां नर्मदा का तट गूंज उठा.
यात्रा ब्रह्मपुरी घाट से शुरू होकर मां नर्मदा के जलमार्ग से गोमुख घाट और नागर घाट होते हुए वापस ब्रह्मपुरी घाट पहुंची, जहां इसका समापन किया गया. 151 नौकाओं पर लहराते तिरंगों का नजारा आकर्षण का केंद्र रहा. घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी यात्रा का उत्साह के साथ स्वागत किया.
पुलिस बल तैनात रहा
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही. सहायक कलेक्टर शिल्पा चौहान, जिला होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ कमांडेंट आशीष कुशवाह, मांधाता थाना प्रभारी अनोखसिंह सिंदया तथा नगर परिषद सीएमओ मोनिका पारधी सहित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. नौका यात्रा को देखते हुए सुरक्षा और बचाव दलों को विशेष रूप से तैनात किया गया.
मांधाता विधायक ने क्या कहा?
मांधाता विधायक नारायण पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में ओंकारेश्वर में मां नर्मदा की गोद में यह अनूठी तिरंगा यात्रा आयोजित की गई.
ये भी पढ़ें: खंडवा में 36 घंटों से बारिश का कहर जारी! स्कूलों में छुट्टी घोषित, प्रशासन की अपील – पानी के तेज बहाव से दूर रहें
उन्होंने बताया कि 9 से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जा रहा है. नर्मदा की लहरों के बीच 151 नौकाओं पर लहराते तिरंगों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया.
