रिपोर्ट – जफर अली
MP News: मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर थाना सेक्टर-1 क्षेत्र में सावरिया मंदिर के पास नाले में मिले आत्माराम के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जिस व्यक्ति को मृतक अपना ‘मुंहबोला मामा’ मानकर उस पर अटूट भरोसा करता था, उसी ने शक और नफरत की आग में अंधे होकर उसकी निर्मम हत्या कर दी.
नाले के पास रो रही थी पत्नी, तब सामने आया सच
यह घटना 20 जुलाई की बताई जा रही है. जब सावरिया मंदिर के पास हाट बाजार में चाय पी रहे अनिल बंजारा ने देखा कि सड़क पार नाले के पास आत्माराम की पत्नी अपनी मासूम बच्ची के साथ रो रही थी. अनिल द्वारा पूछने पर उसने नाले की तरफ इशारा किया, जहां आत्माराम का बेजान शरीर पड़ा हुआ था. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना सेक्टर-01 की टीम और एफ.एस.एल. (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ हत्या का खुलासा
डॉक्टरी परीक्षण और पीएम (पोस्टमार्टम) रिपोर्ट में यह पूरी तरह स्पष्ट हुआ कि आत्माराम की मृत्यु मारपीट और धारदार हथियार से लगी गंभीर चोटों के कारण हुई है. इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी.
संदिग्ध मुंहबोले मामा की घेराबंदी और गिरफ्तारी
सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के दौरान पुलिस को पता चला कि आत्माराम का मुंहबोला मामा लेखराज (जो पास में ही रहता था) घटना के बाद से अचानक गायब है. संदेह के आधार पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर लेखराज को हिरासत में ले लिया. जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपी मुंहबोले मामा ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया.
पत्नी को भगाने के शक में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस की पूछताछ में आरोपी लेखराज ने हत्या की चौंकाने वाली वजह बताई. उसने बताया कि उसे इस बात की पुरानी रंजिश थी कि आत्माराम ने ही उसकी दूसरी पत्नी के कान भरकर उसे भगा दिया था. इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपी ने आत्माराम को पहले अपने विश्वास में लिया, फिर उसे शराब पिलाई और इसके बाद डंडे व चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी.
साक्ष्य छुपाने की नीयत से उसने शव को नाले में फेंक दिया था. घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सेक्टर-1 की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी मुंहबोले मामा लेखराज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ये भी पढे़ं- MP News: डिंडोरी में कलयुगी बेटे ने की पिता की हत्या, पत्नी से विवाद के बीच फरसे से किया जानलेवा हमला
