Vistaar NEWS

Indore Metro: 6 नहीं अब 17.5 KM रूट पर दौड़ेगी मेट्रो, हर 15 मिनट में मिलेगी, टिकट पर भी छूट

Indore Metro

इंदौर मेट्रो

Indore Metro: इंदौर में मेट्रो सेवा का दायरा अब करीब तीन गुना बढ़ने जा रहा है. गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहा यानी रेडिसन होटल चौराहा तक 17.5 किलोमीटर लंबे रूट पर 6 सितंबर से आम यात्रियों को मेट्रो की सुविधा मिलने लगेगी. विस्तारित सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर 5 सितंबर को विजय नगर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर से शाम 4 बजे करेंगे.

हर 15 मिनट में मिलेगी मेट्रो

नए रूट पर यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी. दोनों दिशाओं में मिलाकर प्रतिदिन 80 से अधिक फेरे लगाए जाएंगे. मेट्रो का संचालन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा. गांधी नगर और रेडिसन चौराहा, दोनों छोरों से पहली ट्रेन सुबह 9 बजे रवाना होगी, जबकि आखिरी ट्रेन शाम 7 बजे चलेगी.

16 स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

गांधी नगर से रेडिसन चौराहे के बीच बने एलिवेटेड कॉरिडोर में कुल 16 स्टेशन हैं. इस दौरान मेट्रो सुपर कॉरिडोर, एमआर-10, आईएसबीटी, चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा, हीरा नगर, बापट चौराहा, मेघदूत गार्डन और विजय नगर सहित प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेगी.

6.3 किमी से बढ़कर 17.5 किमी हुआ नेटवर्क

फिलहाल गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक करीब 6.3 किलोमीटर हिस्से में यात्री सेवा चल रही है. नए हिस्से के जुड़ने के बाद इंदौर का परिचालन मेट्रो नेटवर्क करीब 17.5 किलोमीटर तक पहुंच जाएगा.

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मेट्रो ट्रेनों में यात्रियों को पूरी तरह वातानुकूलित सफर मिलेगा. स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, एस्केलेटर और लिफ्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं. यात्री एमपीएमआरसीएल के मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल टिकट खरीद सकेंगे. टिकट के भुगतान के लिए यूपीआई, क्यूआर कोड समेत डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किया जा सकेगा.

रिटर्न टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत छूट

यात्रियों को शुरुआती दौर में कुछ प्रमोशनल ऑफर भी मिलेंगे. रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. मोबाइल ऐप के ई-वॉलेट में राशि रिचार्ज करने पर भी निर्धारित राशि के अनुसार बोनस मिलेगा.

ये भी पढे़ं- Indore Metro: अब रेडिसन चौराहे तक दौड़ेगी इंदौर मेट्रो, इस तारीख से आम जनता कर सकेगी सफर

Exit mobile version