Vistaar NEWS

MP में एक और संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, धार से आरोपी अजहर को ATS ने पकड़ा; पाकिस्तान-अफगानिस्तान के नंबरों से करता था बात

Representative image.

सांकेतिक तस्वीर.

MP News: मध्य प्रदेश में एक और संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी हुई है. सोमवार को एटीएस ने धार जिले से आरोपी हाजी अजहर को गिरफ्तार किया है. ये भोपाल में पकड़े गए संदिग्ध मोहम्मद फराज के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है. आरोपी लगातार पाकिस्तान और अफगानिस्तान के नंबरों से संपर्क में था. संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क के लोगों की लगातार चौथे दिन गिरफ्तारी है. इसके पहले रविवार को हरियाणा के नूंह से एमपी एटीएस और हरियाणा पुलिस ने शाकिर को पकड़ा था.

तीन राज्यों से 4 संदिग्धों की हो चुकी है गिरफ्तारी

एमपी एटीएस ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल से संदिग्ध मोहम्मद फराज को गिरफ्तार किया था. इसके बाद एटीएस ने आरोपी फराज से कई डिजिटल दस्तावेज बरामद किए. जिनसे पता चला कि आरोपी यहां से जानकारी इकट्ठा करके पाकिस्तान को भेज रहा था. फराज की निशानदेही पर एटीएस ने अगले दिन उत्तर प्रदेश के देवबंद से नईम अब्दुल्ला को गिरफ्तार किया था. फिर दोनों से हुई पूछताछ के बाद एटीएस हरियाणा पहुंची और स्थानीय पुलिस की सहायता से नूंह से आरोपी शाकिर को दबोचा.

नईम अब्दुल्ला ने फराज की करवाई थी भर्ती

एटीएस की पूछताछ के दौरान पता चला है कि यूपी के देवबंद में नईम अब्दुल्ला ने ही फराज को पाकिस्तान के हैंडलर से संपर्क करवाया था. इसके बाद उसको ट्रेनिंग दी गई. नेटवर्क के लोगों ने इंडियन मुजाहिद्दीन से जुड़े वीडियो दिखाकर प्रेरित किया था. साथ ही लगातार उसे खुद भी फिट रहने के लिए प्रशिक्षण दे रहे थे, जिससे कि समय आने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके. सूत्रों की मानें तो नईम ने यूपी में रहते हुए यहां की कई अहम तस्वीरें पाकिस्तान के हैंडलर को भेजी हैं.

नईम और फराज को आमने-सामने बिठाकर हो सकती है पूछताछ

लगातार चार दिनों में चार संदिग्ध पकड़ने जाने के बाद एटीएस के साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं. एटीएस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. एमपी के अलावा दूसरे राज्यों में भी संदिग्धों की तलाश की जा रही है. बताया जा रहा है कि एटीएस जल्द ही भोपाल से पकड़े गए फराज और यूपी से पकड़े गए नईम को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर सकती है.

ये भी पढे़ं: झाबुआ में भाई-बहन की कुएं में डूबने से मौत, उदयपुरिया गांव में 15 दिन में तीसरी घटना, बच्चे और बुजुर्ग की भी गई थी जान

Exit mobile version