Vistaar NEWS

MP News: जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी की बढ़ीं मुश्किलें, करीबी बिल्‍डर से 4 घंटे पूछताछ, फर्म के दस्तावेज खंगाल रही पुलिस

Builder Sumit Mantri and Nana Patwari

बिल्‍डर सुमित मंत्री और नाना पटवारी

MP News: मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं. ड्रेस कोड मामले में पुलिस ने नाना पटवारी के पार्टनर और कॉलोनाइजर सुमित मंत्री से करीब 4 घंटे तक पूछताछ की है. डायरी पर प्लॉट देने के मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है. शुभम वैली कॉलोनी और फर्म से जुड़े दस्तावेज पुलिस ने खंगाले हैं.

मामले में जिस युवती को प्लॉट देने की बात सामने आई थी, उसके भी बयान पुलिस ने दर्ज किए हैं. पूछताछ के लिए नाना पटवारी को भी राजेंद्र नगर पुलिस बुला सकती है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरा मामला अभी जांच में है. जांच पूरी होने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

नाना पटवारी के चार सहयोगियों पर एफआईआर

पूरा मामला, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और बेटिंग नेटवर्क है. इस मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी के चार सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने 15 जुलाई की रात नाना पटवारी और उनके सहयोगी सुमित मंत्री से पूछताछ की थी. जांच के दौरान सामने आया कि इस नेटवर्क से जुड़े कुछ लोग ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग एप के लिए कमीशन एजेंट के रूप में काम कर रहे थे और प्रत्येक लेन-देन पर उन्हें तय राशि का कमीशन मिलता था.

पुलिस ने फिलहाल दर्ज एफआईआर में नाना पटवारी का नाम शामिल नहीं किया है. जांच में संजय कौशल, मनीष जादौन, दिनेश उर्फ लल्ला और प्रीतेश त्रिपाठी सहित कई लोगों की भूमिका सामने आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. इन पर क्रिकेट सट्टे का नेटवर्क संचालित करने और बेटिंग के लिए आईडी उपलब्ध कराने के आरोप लगाए गए हैं.

व्‍हाट्सएप के जरिए भेजी बेटिंग लिंक

पूछताछ में आरोपी संजय ने बताया कि उसे इंदौर के महूनाका निवासी मनीष पमनानी की ओर से ऑलपिन एक्स और ग्रेडटेक्स डॉट कॉम से जुड़ी बेटिंग लिंक व्हाट्सएप के जरिए भेजी जाती थीं. इन लिंक के माध्यम से 5 हजार रुपये या उससे अधिक बैलेंस वाली बेटिंग आईडी उपलब्ध कराई जाती थी. जांच में यह भी सामने आया कि कृष्णा नगर निवासी संजय कौशल कमीशन एजेंट के तौर पर काम करता था और हर ट्रांजैक्शन पर उसे 20 से 100 रुपये तक का भुगतान मिलता था.

कई धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ऑनलाइन जुआ, क्रिकेट सट्टा संचालन और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है. यदि जांच के दौरान नाना पटवारी की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि कमीशन के हिसाब-किताब के लिए अलग से डायरी रखी जाती थी, जिसे जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

ये भी पढे़ं- नाना पटवारी के 4 साथियों पर FIR दर्ज, आरोपियों ने क्रिकेट मैच में सट्टे पर कमीशन की बात कबूल की

Exit mobile version