Input- जफर अली
MP News: धार जिले की लेबड़ ग्राम पंचायत में पेयजल संकट ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है. एक महीने से पानी नहीं मिलने से परेशान महिलाएं आज कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचीं और पंचायत के सरपंच-सचिव पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए.
200 रुपये वसूलने के बाद भी नहीं मिलता पानी
धार जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम लेबड़ की महिलाओं ने कलेक्टर राजीव रंजन मीना को आवेदन सौंपकर बताया कि पंचायत पिछले एक महीने से पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध नहीं करा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि हर महीने 200 रुपये पेयजल शुल्क वसूला जाता है, लेकिन पानी नहीं मिल रहा. पंचायत की ओर से मोटर खराब होने का कारण बताया जा रहा है, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के पास कई मोटर उपलब्ध हैं.
कलेक्टर ने महिलाओं को दिया आश्वासन
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि कई बार सरपंच और सचिव से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. मजबूरी में उन्हें दूर-दूर से पानी लाकर परिवार की प्यास बुझानी पड़ रही है. महिलाओं ने जनसुनवाई में कार्रवाई और जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की.
कलेक्टर ने महिलाओं को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है. अब सवाल यह है कि जब ग्रामीणों से नियमित पेयजल शुल्क वसूला जा रहा है, तो आखिर एक महीने से गांव प्यासा क्यों है? ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है.
ये भी पढ़ें: झाबुआ में अंधविश्वास की हद पार कर दी! बारिश करवाने के लिए दूल्हे को गधे पर उल्टा बिठाकर श्मशान तक ले गए
