Vistaar NEWS

बाइक समेत प्रेमी जोड़ा संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में मिला, धार में युवक की मौत, युवती की हालत गंभीर; परिजनों ने हत्या आरोप लगाया

Young man from a couple found in a canal under suspicious circumstances in Dhar has died.

धार में संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में मिले प्रेमी जोड़े में युवक की मौत.

Input- जफर अली

MP News: धार के धरमपुरी में बाइक समेत युवक और युवती नहर में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े मिले. इसमें युवक की मौत हो गई, जबकि युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार स्टंटबाजी के कारण घटना की आशंका जताई है. वहीं परिजनों ने हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है. परिजनों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.

विस्तार से जानिए क्या है पूरा मामला

पूरा मामला धरमपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम काकड़दा में देर रात का है. यहां गणेश पिता मनसाराम अपनी होने वाली पत्नी रीना पिता रमेश मोनिया, निवासी मानपुर को लेने गया था. रात करीब 10:30 बजे दोनों बाइक से घर के लिए निकले. सुबह स्थानीय लोगों ने ओंकारेश्वर परियोजना नहर में एक बाइक और युवक और युवती को देखा. युवक गणेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि युवती रीना घायल अवस्था में नहर में पड़ी मिली. एम्बुलेंस की मदद से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पुलिस बोली- स्टंटबाजी में हादसा हुआ

धरमपुरी थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी ने बताया कि सुबह सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायल रीना ने बताया कि उसकी गणेश से 2-3 महीने पहले सगाई हुई है. गणेश उसे गया था. खाना खाने के बाद रात 10:30 बजे दोनों बाइक से निकले थे. रास्ते में बाइक तेज चल रही थी और स्टंट किया जा रहा था. करीब 12 बजे बाइक अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

टीआई ने बताया कि मृतक के पास से शराब की बोतल और पाउच भी बरामद हुए हैं. युवती रीना के दोनों हाथ-पैर में फ्रैक्चर आया है.

परिजन बोले- हादसा नहीं हत्या है

वहीं पुलिस की थ्योरी से परिजन सहमत नहीं हैं. मृतक गणेश के चाचा रामचंद्र डावर ने हत्या की शंका जताई है. रामचंद्र ने बताया कि भतीजे का मोबाइल उसके पास नहीं बल्की नहर के पाल पर मिला है. जब लड़के-लड़की और बाइक सभी कुछ पानी में था, तो मोबाइल नहर के पाल पर कैसे चला गया.

परजिनों का कहना है कि 15 दिन पहले युवक और उसके ममेरे भाई का किसी से झगड़ा हुआ था. परिजनों ने बताया कि सही से जांच की जाएगी तो ही न्याय मिल सकेगा. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी एंगल से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा.

ये भी पढ़ें: MP News: मुरैना में बंदूक की नोक पर डकैती, महिला से मारपीट कर 10 लाख नकद और जेवर लूटे, 12 घंटे बाद भी FIR दर्ज नहीं

Exit mobile version